डेस्क। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की टी20 टीम सामने आ चुकी है. टीम सेलेक्शन से साफ संकेत मिले हैं कि भारतीय क्रिकेट अब अगले टी20 विश्व कप और लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रहा है। टीम सेलेक्शन के दौरान कई बड़े और चौंकाने वाले फैसले लिए गए। आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2026 में भारत को चैम्पियन बनाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को ना सिर्फ कप्तानी से हटाया गया, बल्कि वो टीम से भी आउट हो गए।उनकी जगह श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया गया, जबकि 15 साल के बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी को पहली बार टीम इंडिया में मौका मिला है। पिछले कुछ समय से श्रेयस अय्यर की टी20 टीम में वापसी की चर्चा चल रही थी, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें सीधे कप्तानी सौंपकर सभी को चौंका दिया। श्रेयस ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच 2023 में खेला था। इसके बाद वह लंबे समय तक टीम से बाहर रहे, लेकिन घरेलू क्रिकेट और IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) में लगातार शानदार प्रदर्शन ने उन्हें फिर से भारतीय टीम का हिस्सा बना दिया। आईपीएल 2026 में श्रेयस ने 14 मैचों में 498 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड भी बेहद शानदार रहा है।
चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर पर जताया भरोसा
चयनकर्ताओं ने उनकी इसी नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताया। टी20 विश्व कप जीतने के कुछ ही महीनों बाद सूर्यकुमार यादव का टीम से बाहर होना सबसे बड़ा चर्चा का विषय बन गया। इन 6 खिलाड़ियों की एंट्री, 5 स्टार्स बाहर सूर्यकुमार यादव का आईपीएल 2026 में प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। इसी वजह से चयनकर्ताओं ने नई दिशा में आगे बढ़ने का फैसला किया। सिर्फ सूर्यकुमार ही नहीं, बल्कि इस साल टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहे कुलदीप यादव और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ी भी टीम में जगह नहीं बना सके। वहीं हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए आराम दिया गया। हार्दिक और बुमराह भी टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड का हिस्सा थे। वैभव सूर्यवंशी, प्रिंस यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, श्रेयस अय्यर और रवि बिश्नोई जैसे खिलाड़ी आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पार्ट नहीं थे, लेकिन ये सभी अब आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर जाएंगे।
तिलक वर्मा को नई टी20 उप-कप्तान
देखा जाए तो भविष्य को ध्यान में रखते हुए तिलक वर्मा को नया टी20 उप-कप्तान बनाया गया है। युवा बल्लेबाज तिलक पिछले कुछ वर्षों में भारतीय टी20 टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। चयनकर्ताओं का यह फैसला बताता है कि टीम प्रबंधन उन्हें आने वाले वर्षों में नेतृत्व समूह का अहम हिस्सा मानता है। प्रिंस यादव ने आईपीएल में अपनी तेज गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया था और अब उन्हें पहली बार राष्ट्रीय टी20 टीम में जगह मिली। हालांकि टीम चयन का सबसे बड़ा आकर्षण 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी रहे. राजस्थान रॉयल्स (RR) के इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में ऐसा प्रदर्शन किया कि चयनकर्ताओं के लिए उन्हें नजरअंदाज करना लगभग असंभव हो गया। वैभव ने 16 मैचों में 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप जीता. उनका स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा और उन्होंने 72 छक्के लगाए, जो टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे विस्फोटक प्रदर्शनों में से एक माना जा रहा है। इससे पहले वैभव अंडर-19 विश्व कप में भी भारत के सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे थे. फाइनल में उनके शतक ने भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐसी थी भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह और मोहम्मद सिराज।
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी. टीम सेलेक्शन को देखकर साफ है कि भारतीय चयनकर्ता अब सिर्फ अगले दौरे की नहीं, बल्कि अगले चार साल की योजना पर काम कर रहे हैं। श्रेयस अय्यर की कप्तानी, तिलक वर्मा की उप-कप्तानी और वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा सितारों की एंट्री इस बात का संकेत है कि भारतीय क्रिकेट में एक नई पीढ़ी तैयार हो चुकी है।