पानीहाटी / नई दिल्ली । कोलकाता के चर्चित आरजी कर मेडिकल कॉलेज दुष्कर्म व हत्या मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पानीहाटी नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन और टीएमसी नेता सोमनाथ डे को खड़दह थाना पुलिस ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नेता घटना के बाद से ही दूसरे राज्य में छिपा हुआ था। पुलिस आज उन्हें बेंगलुरु की स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाने की तैयारी में है।
अंतिम संस्कार के दौरान मौजूदगी को लेकर जांच के घेरे में
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अगस्त 2024 में आरजी कर अस्पताल की युवा डॉक्टर के साथ हुए अपराध और उसके बाद शव के अंतिम संस्कार के दौरान कौन-कौन लोग मौजूद थे, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान पानीहाटी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सोमनाथ डे का नाम प्रमुखता से सामने आया।
पिता का गंभीर आरोप: जल्दबाजी और दबाव में कराया गया दाह संस्कार
आरोप है कि पीड़िता के अंतिम संस्कार के समय सोमनाथ डे मौके पर मौजूद थे। मृतका के पिता ने आरोप लगाया था कि परिवार पर दबाव बनाकर शव का जबरन और जल्दबाजी में दाह संस्कार कराया गया था, ताकि दूसरा पोस्टमार्टम न कराया जा सके और सबूतों को मिटाया जा सके। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि उस समय सोमनाथ डे और उनके साथियों की भूमिका क्या थी और क्या जांच को प्रभावित करने की कोशिश की गई थी।
पूर्व टीएमसी विधायक निर्मल घोष पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में यह कोई पहली गिरफ्तारी नहीं है। इससे पहले खड़दह पुलिस ने पूर्व तृणमूल विधायक निर्मल घोष को ओडिशा के बालेश्वर से गिरफ्तार किया था। पीड़िता के पिता की ताजा शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में निर्मल घोष, सोमनाथ डे और एक अन्य पड़ोसी का नाम मुख्य आरोपी के तौर पर शामिल किया गया था।
ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाने की तैयारी
बैरकपुर कमिश्नरेट के अधिकारियों के अनुसार, सोमनाथ डे से हिरासत में पूछताछ बेहद जरूरी है। बेंगलुरु कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उन्हें कोलकाता लाकर अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उनकी रिमांड की मांग करेगी। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि अंतिम संस्कार के पीछे किन लोगों का निर्देश था और क्या इसमें कोई बड़ा षड्यंत्र शामिल है।