नई दिल्ली। तनाव के बीच आखिरकार अमेरिका और इस्राइल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ईरान पर बम बरसाना शुरू कर दिया है। ईरान की राजधानी तेहरान में खामेनेई के कार्यालयों के पास एक हमला हुआ है। इस्राइल ने एक साथ ईरान की 30 जगहों पर हमला किया है। इसी के साथ संभावित हमले के मद्देनजर इस्राइल ने इमरजेंसी घोषित कर दी है।
हूती विद्रोही लाल सागर में करेंगे हमला
यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने ईरान के समर्थन में जल मार्गों और इस्राइल पर मिसाइल व ड्रोन हमले फिर से शुरू करने का फैसला किया है। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक हूती विद्रोही लाल सागर गलियारे में जहाजों पर हमले फिर से शुरू करेंगे। नाम ना बताने की शर्त पर एक अधिकारी ने कहा कि विद्रोहियों का पहला हमला आज रात को ही हो सकता है।
ईरान पर किए हमले पर नेतन्याहू का बयान
ईरान पर ताबड़तोड़ हमले के बाद इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ मिलकर हमला ईरान से पैदा हुए अस्तित्व के खतरे को दूर करने के लिए किया गया था। इस्राइली पीएम नेतन्याहू ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘महज एक घंटे पहले इस्राइल और अमेरिका ने ईरान में आतंकवादी शासन द्वारा उत्पन्न अस्तित्वगत खतरे को समाप्त करने के लिए एक अभियान शुरू किया है। मैं अपने महान मित्र, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके ऐतिहासिक नेतृत्व के लिए धन्यवाद देता हूं। इस हत्यारे शासन को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए, जो इसे पूरी मानवता के लिए खतरा बनने में सक्षम बना देगा। हमारा संयुक्त अभियान ईरान के बहादुर लोगों को अपना भाग्य अपने हाथों में लेने के लिए परिस्थितियां तैयार करेगा। हम साथ खड़े रहेंगे, साथ मिलकर लड़ेंगे और साथ मिलकर इस्राइल की अमरता सुनिश्चित करेंगे।’
उत्तरी इस्राइल में धमाके
अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर पूरे देश में हमला करने के बाद अब इस्राइल ईरानी मिसाइलों को रोकने की कोशिश कर रहा था, तब उत्तरी इस्राइल में धमाके हुए है। ये धमाके तब हुए जब इस्राइली सेना ने कहा कि वह ईरानी गोलाबारी को रोकने के लिए अपने एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल करेगी।
ईरान का पलटवार, इस्राइल की तरफ मिसाइलें दागीं
इस्राइल के हमले के बाद ईरान ने भी पलटवार शुरू कर दिया है। इस्राइल सेना का कहना है कि ईरान से दागी गई मिसाइलें इस्राइल की तरफ बढ़ रही थीं, जिससे देश के कई इलाकों में सायरन बजने लगे। खतरे को रोकने और जहां आवश्यक हो वहां उसे नष्ट करने के लिए कार्रवाई कर रही है। अभी चल रहे हमले से किसी नुकसान या किसी के हताहत होने के बारे में तुरंत कोई खबर नहीं है।
खामेनेई के ठिकानों से राष्ट्रपति आवास तक, कहां-कहां हुए धमाके
ईरान पर इस्राइल और अमेरिका ने साझा हमला किया है। इस्राइली अधिकारियों का कहना है कि उसकी तरफ से यह हमला ईरान को नेस्तनाबूत करने के लिए किया गया है। जिन जगहों पर हमला हुआ है, उनमें शीर्ष नेताओं से लेकर अहम सैन्य ठिकाने शामिल हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट…
तेल अवीव जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट लौटी
संघर्ष के बीच भारत से इस्राइल की राजधानी तेल अवीव जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट वापस लौट आई है। एअर इंडिया ने इस्राइल हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण अपनी दिल्ली-तेल अवीव उड़ान को मुंबई की ओर मोड़ दिया। इस्राइल ने ईरान पर हमले किए हैं, जिसके बाद कुछ हवाई क्षेत्रों को उड़ान संचालन के लिए बंद कर दिया गया है। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ’28 फरवरी को दिल्ली से तेल अवीव जाने वाली एआई139 फ्लाइट इस्राइल में हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा के हित में भारत लौट रही है।’ एयरलाइन के एक अधिकारी ने बताया कि फ्लाइट को मुंबई की ओर मोड़ दिया गया है।
भारत ने जारी की एडवाइजरी
वहीं तनाव के बीच भारत ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इस्राइल में भारतीय दूतावास ने कहा कि इलाके में मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए इस्राइल में सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे बहुत सावधानी बरतें और हर समय चौकन्ने रहें। भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे इस्राइली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा गाइडलाइंस और निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
ट्रंप की ईरान को धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर अमेरिका और इस्राइल के संयुक्त सैन्य हमले की पुष्टि की है। ईरान के परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल विकास को लेकर ट्रंप की इस कड़ी चेतावनी और तेहरान में आपातकाल की स्थिति पर पूरी रिपोर्ट पढ़ें
ईरान पर हमलों के बीच ट्रंप का बयान
ईरान पर हमलों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति का पहला बयान सामने आया है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान कभी परमाणु शक्ति नहीं बन सकता है। हम ईरान की नौसेना को खत्म करने जा रहे हैं। ट्रंप कहा कि अमेरिका ने ईरान के अंदर ऑपरेशन शुरू किए हैं। उन्होंने बताया कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर रहा था। ऐसे में ईरान से अमेरिका और दूसरों को खतरा है। हम ईरान की मिसाइलों को तबाह कर देंगे।
ईरान का कड़ा बयान, खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर भेजा
इस्राइल पर एकाएक हमलों के बाद ईरान की ओर से कड़ा संदेश दिया गया है। तेहरान ने साफ कहा कि संघर्ष को अब हम खत्म करेंगे। इसी के साथ कड़ा जवाब देने के लिए भी संकेत दिए। तेहरान ने साफ कहा कि संघर्ष की दिशा और अंत अब उनके जरिए ही होगा। वहीं ईरान पर लड़ाकू विमानों और मिसाइलों से जारी हमले के बीच सुप्रीम नेता खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक खामेनेई ईरान में हैं, लेकिन तेहरान में नहीं है।
एक ईरानी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि तेहरान ऐसे बदले की कार्रवाई की तैयारी कर रहा है जो ‘करारा’ होगा। स्टेट टीवी के मुताबिक ईरान इस्राइल से ‘बदला लेने’ और ‘कड़ा जवाब’ देने की तैयारी कर रहा है।