Home » उत्तर प्रदेश » काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में फायरिंग से मची अफरा-तफरी, तीन लोग घायल; जाँच शुरू

काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में फायरिंग से मची अफरा-तफरी, तीन लोग घायल; जाँच शुरू

वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। आकस्मिक फायरिंग की इस घटना में मंदिर परिसर के पास मौजूद तीन. . .

वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। आकस्मिक फायरिंग की इस घटना में मंदिर परिसर के पास मौजूद तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब सात बजे मंदिर परिसर स्थित ‘नंदू फरिया प्वाइंट’ के पास हुई। यहां ज्ञानवापी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात 48वीं वाहिनी पीएसी का जवान अमरनाथ चौहान सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान उसके हाथ से कार्बाइन छूट गई, जिससे दो राउंड फायर हो गए। गोली जमीन पर लगी और उसके छर्रे पास में मौजूद लोगों को जा लगे।
फायरिंग की आवाज सुनते ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पूरे क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया। स्थिति को जल्द ही सामान्य कर लिया गया।
घटना में घायल हुए तीनों लोग मंदिर परिसर के पास स्थित कैलाशपति’ माला-फूल दुकान में कार्यरत हैं। घायलों की पहचान रामबाबू गौड़ (निवासी सकरकंद गली), विकास यादव (निवासी डोमरी) और निखिल गुप्ता (निवासी राजघाट) के रूप में हुई है।
बताया गया कि विकास यादव के हाथ और कमर में, रामबाबू गौड़ के पेट और हाथ में तथा निखिल गुप्ता के हाथ में छर्रे लगे हैं। तीनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह घटना जवान के हाथ से कार्बाइन छूटने के कारण हुई आकस्मिक फायरिंग का मामला प्रतीत हो रही है। मामले की जांच की जा रही है और घटना के कारणों का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ा है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम