सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी के लेकटाउन स्थित प्रसिद्ध महाशक्ति कालीबाड़ी मंदिर में हुई एक साहसिक चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। न्यू जलपाईगुड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस प्राचीन और श्रद्धालुओं के बीच लोकप्रिय मंदिर में चोरी की वारदात से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी और चिंता का माहौल है।
मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह मंदिर के पुजारी पिंटू चौधरी और अन्य सेवायत जब मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ पाया। इसके बाद जब वे मंदिर के अंदर गए, तो देखा कि मां काली की प्रतिमा के आभूषण, पूजा में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्री और कई मूल्यवान बर्तन गायब हैं।
30 हजार रुपये भी लेकर फरार हुए चोर
चोरों ने मंदिर की दानपेटी भी तोड़ दी और उसमें रखी लगभग 30 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। मंदिर के पुजारी का आरोप है कि बदमाश मंदिर का लगभग कोई भी कीमती सामान नहीं छोड़कर गए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में रोष और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को और अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।
सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस जाँच में जुटी
मामले की जांच में एक बड़ी चुनौती यह भी सामने आई है कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क भी बदमाश अपने साथ ले गए हैं। इससे पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सुराग जुटाने के साथ-साथ आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे और चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करे। फिलहाल सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।