साउथ 24 परगना। पश्चिम बंगाल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। बंगाल STF ने साउथ 24 परगना जिले के बिष्णुपुर के विधायक दिलीप मंडल को हिरासत में ले लिया है। तृणमूल कांग्रेस के विधायक दिलीप मंडल 13 दिनों से पुलिस से छिपे हुए थे। आखिरकार, उन्हें ओडिशा के पुरी में ब्लू लिली नाम के एक रिसॉर्ट से डिटेन कर लिया गया। उन्हें आज कोलकाता लाया जाएगा।
क्या हैं आरोप?
टीएमसी विधायक पर चुनाव के दौरान पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ताओं को धमकाने का आरोप था। इसके अलावा 2021 में चुनाव के बाद हिंसा के भी आरोप लगे थे। धमकी भरा वीडियो सामने आने के बाद पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। फिर, जब पुलिस, विधायक के साउथ 24 परगना के बिष्णुपुर वाले आलीशान घर पर गई, तो हैरान रह गई। जब वे नहीं मिले, तो उनके बेटे अर्घ्य मंडल को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया था।
TMC नेता जहांगीर खान पर भी लटकी गिरफ्तारी की तलवार
हालही में ये खबर भी सामने आई थी कि TMC नेता जहांगीर खान पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी है। दरअसल कलकत्ता हाई कोर्ट ने जहांगीर खान को दी गई अंतरिम सुरक्षा मंगलवार को रद्द कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, दक्षिण 24 परगना जिले के फलता पुलिस थाने में जहांगीर खान के खिलाफ 7 प्राथमिकी दर्ज हुई हैं। इसके बाद से जहांगीर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बन चुकी है और सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कुर्सी संभालते ही ताबड़तोड़ एक्शन लेना शुरू कर दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। सीएम शुभेंदु के आने से टीएमसी के उन सदस्यों की नींद उड़ी हुई है, जिनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। वे पुलिस और प्रशासन की नजर में आने से बचते फिर रहे हैं।