कई रुकावटों और देरी के बाद एक्टर से नेता बने थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ आखिरकार गुरुवार, 23 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। एच. विनोद के निर्देशन में बनी इस फिल्म को रिलीज के पहले दिन दर्शकों और क्रिटिक्स से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है। इसके बावजूद, फिल्म ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार ओपनिंग दर्ज करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा साबित कर दिया है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘जन नायकन’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
सैकनिल्क के शुरुआती अनुमानों के अनुसार, ‘जन नायकन’ ने भारत में अपने ओपनिंग डे पर 41 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। फिल्म को पहले दिन देशभर में 13,067 शो में दिखाया गया। घरेलू स्तर पर 48.27 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई और विदेशों से 30 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 78.27 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस धमाकेदार आंकड़े के साथ यह साल की सबसे बड़ी तमिल ओपनर फिल्मों में से एक बन गई है।
तमिल वर्जन का रहा दबदबा और क्षेत्रीय कमाई का हाल
फिल्म की कुल कमाई में तमिल भाषा का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिसने 36.50 करोड़ रुपये कमाए। वहीं तेलुगु वर्जन से 2.75 करोड़ रुपये और हिंदी वर्जन से 1.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। तमिलनाडु के सिनेमाघरों में विजय की फिल्म रिलीज होने के बाद से ही फैंस के बीच जश्न का माहौल है। सभी भाषाओं को मिलाकर भारत में फिल्म की कुल ओवरऑल ऑक्यूपेंसी 41.6% दर्ज की गई।
ओपनिंग डे ऑक्यूपेंसी: रात के शो में उमड़ी दर्शकों की भीड़
फिल्म के तमिल वर्जन की कुल ऑक्यूपेंसी 68.31% रही, जिसमें सुबह के शो में 73.85%, दोपहर में 62.46%, शाम को 63.62% और रात के शो में यह बढ़कर 73.31% तक पहुंच गई। तेलुगु वर्जन की कुल ऑक्यूपेंसी 27.81% रही, जिसमें सबसे ज्यादा रिस्पॉन्स रात के शो में (33.58%) मिला। वहीं, हिंदी वर्जन की कुल ऑक्यूपेंसी 14.60% रही, जिसमें समय के साथ बढ़ोतरी देखी गई और रात के शो में ऑक्यूपेंसी 20.33% दर्ज की गई।
‘जन नायकन’ की शानदार स्टारकास्ट और कहानी
एच. विनोद के निर्देशन में बनी इस फिल्म में थलपति विजय ने ‘वेट्री कोंडन’ का रोल निभाया है, जो एक निडर पूर्व पुलिस ऑफिसर हैं। वह अपनी गोद ली हुई बेटी विजी को सैनिक बनाने का वादा पूरा करने के पक्के इरादे के साथ मैदान में उतरते हैं। फिल्म में मुख्य खलनायक ‘जॉन हिमलर’ के किरदार में बॉबी देओल नजर आ रहे हैं। इनके अलावा फिल्म में पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, प्रकाश राज, गौतम वासुदेव मेनन, प्रियदर्शन और नारायण जैसे कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में शामिल हैं।