नई दिल्ली। मालवीय नगर हादसे में जिस रेस्टोरेंट में आग लगी, उसे लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। उस रेस्टोरेंट के पास फायर का NoC भी नहीं था और इस रेस्टोरेंट के ऊपर बने गेस्ट हाउस में छह कमरे की ही परमिशन ली गई थी लेकिन यहां 25 कमरे बनाए गए थे। जहां आग लगी वहां मौजूद 47 लोगों में विदेशी कई छात्र भी शामिल थे। आग लगने की घटना में अब तक 21 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हैं। इस घटना में जान गंवाने वाले 21 लोगों में से 17 विदेशी नागरिक हैं। ये सभी विदेशी नागरिक नाइजीरिया, मोजाम्बिक, लाइबेरिया और बांग्लादेश के बताए जा रहे हैं। जब आग लगी तो चीखते चिल्लाते हुए लोग जान बचाने के लिए बिल्डिंग से भी कूद गए।
आग लगने की वजह का हुआ खुलासा
चश्मदीदों ने इस घटना को लेकर बताया कि जब सुबह के वक्त आग लगी तो लोग हेल्प हेल्प चिल्ला रहे थे। कई लोगों ने जमीन पर गद्दे बिछाकर होटल में फंसे लोगों की मदद करने की भी कोशिश की लेकिन होटल में लगे शीशे औऱ खिड़कियां ब्लाक थे और वह खुल नहीं पाए…साथ हीं इस होटल में सिर्फ एंट्री का ही एक दरवाजा है जो जिस पर इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगा हुआ है। आग लगते ही जैसे ही बिजली कटी, दरवाजा पूरी तरह से लॉक हो गया और वह फिर नहीं खुला। लोगों ने यह भी बताया कि पास में ही मैक्स हॉस्पिटल है और जो लोग मैक्स में इलाज करने आते हैं वही यहां पर रुकते हैं।
सिलेंडर फटा होगा, इसी वजह से लगी होगी आग
मैक्स हेल्थकेयर के एक बयान के अनुसार, सिलेंडर विस्फोट के कारण यह घटना होने की आशंका है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद दिल्ली फायरब्रिगेड की टीम ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया और लोगों को बचाने की कोशिश की। हालांकि आग लगने का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस घटना की वजहों की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
कौन है इस होटल का मालिक
जिस होटल में यह घटना हुई, उस होटल के मालिक की पहचान लोकेश बजाज के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, होटल के संचालन में तीन पार्टनर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन पार्टनर्स के पास दिल्ली में कई अन्य होटल और गेस्ट हाउस भी हैं। पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां होटल के मालिक, संचालन और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं।
‘पूरे मामले पर है सरकार की नजर’
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, ‘मालवीय नगर में हुए इस विनाशकारी आग के हादसे में कई जिंदगियों के नुकसान से बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।’
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, कैट्स एंबुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन एजेंसियों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू और राहत अभियान चलाकर कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया। सरकार पूरे मामले पर नजर रखे हुए है।
प्रभावित परिवारों को हर तरह की चिकित्सकीय सहायता और समर्थन मुहैया कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी तरह खड़ी है और उन्हें हर संभव मदद पहुंचाएगी।
‘हालिया दिनों में सबसे बड़ी आग की घटना’
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, ‘हौज रानी, मालवीय नगर में होटल में लगी इस दुखद आग की घटना से अत्यंत व्यथित हूं। दिवंगतों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’
उन्होंने बताया कि पुलिस, सिविल डिफेंस और फायर रेस्क्यू टीमें मौके पर राहत-बचाव कार्य कर रही हैं। अधिकारियों को तत्काल मेडिकल सहायता, राहत कार्य और घटना की गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह घटना दिल्ली में हालिया दिनों की सबसे बड़ी आग लगने की घटनाओं में शामिल है, जिसमें 10 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
रक्षामंत्री राजनाथ ने जताया शोक
वहीं, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ”दिल्ली के मालवीयनगर में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। जिन्होंने इस घटना में अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”