नई दिल्ली। भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) नियुक्त किया है, जो कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से और अगले आदेश तक भारत सरकार के सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे। वे वर्तमान सीडीएस अनिल चौहान की जगह लेंगे। जिनका कार्यकाल 30 मई को पूरा होने जा रहा है।
वर्तमान में लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि 1 सितंबर 2025 से अब तक राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के पद पर सेवा दे रहे हैं। इससे पहले वे 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक थल सेना के उप-प्रमुख रहे थे, इसके अलावा मार्च 2023 से जून 2024 तक मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यरत थे।
बंगाल में भाजपा युग की शुरुआत,सुबह 11 बजे बंगाल के CM पद की शपथ लेंगे शुभेंदु अधिकारी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना हुआ साकार
कृष्णा स्वामीनाथन 31 मई को नया पद संभालेंगे
वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का अगला चीफ ऑफ नेवल स्टाफ नियुक्त किया गया है। वे फिलहाल मुंबई में वेस्टर्न नेवल कमांडर हैं और 31 मई को नया पद संभालेंगे। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक रहेगा। स्वामीनाथन 1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे और कम्युनिकेशन व इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के एक्सपर्ट माने जाते हैं। उन्होंने खड़कवासला स्थित नेशनल डिफेंस अकादमी, ब्रिटेन के श्रिवेनहैम स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, करंजा के कॉलेज ऑफ नेवल वॉरफेयर और अमेरिका के न्यूपोर्ट स्थित यूएस नेवल वॉर कॉलेज से पढ़ाई की है।