कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कोलकाता में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के मौके पर सिंगर और राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो को बंग विभूषण अवॉर्ड दिया। उन्होंने सिंगर इमान चक्रवर्ती को भी इस अवॉर्ड से नवाजा।
भाषा को लेकर क्या बोलीं सीएम ममता?
अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के मौके पर सीएम ममता बनर्जी ने कहा ‘इस पवित्र दिन पर, हम अपना वादा दोहराते हैं कि अगर किसी भाषा पर हमला होता है, तो हम सब उसके खिलाफ एकजुट होंगे। सभी भाषाएं बराबर सम्मान की हकदार हैं।’
भाषा आंदोलनों के दौरान मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए, सीएम ने कहा कि उनकी सरकार भाषाई विविधता का सम्मान करती है और कई भाषाओं को आधिकारिक मान्यता दी है।
राज्य में अपनी भाषा पढ़ने का मौका
सीएम ममता ने कहा कि बंगाली न केवल महान साहित्यिक विरासत वाली भाषा है, बल्कि सभी भाषाओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि राज्य ने कई भाषाई समूहों के लिए भाषा एकेडमी बनाई हैं।
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘हमने यह भी पक्का किया है कि हर व्यक्ति, चाहे वह कोई भी भाषा बोलता हो, उसे राज्य में अपनी मातृभाषा में पढ़ने का मौका मिले।’