नई दिल्ली। लोकसभा में शुक्रवार को महिला आरक्षण बिल पर वोटिंग हुई जिसमें सत्ता पक्ष को दो तिहाई बहुमत नहीं मिल सका। विपक्ष के विरोध के बाद संसद में महिला आरक्षण बिल पास नहीं हो सका। इसके बाद एनडीए लगातार विपक्ष पर हमलावर है। इस बीच आज कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री भी विपक्ष पर हमलावर रहे। पीएम मोदी ने कैबिनेट बैठक में कहा कि महिलाओं को 2029 से लोकसभा और विधानसभाओं में आरक्षण देने वाले बिल को गिराकर विपक्ष ने बहुत बड़ी गलती की है।पीएम मोदी ने कहा, देश की महिलाएं उनको माफ नहीं करेगी,उनको भुगतना पड़ेगा ।
संसद में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित करने वाले संविधान (131वां संशोधन) विधेयक को लोकसभा से पारित होने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत थी। शुक्रवार को आधी रात तक चली तीखी बहस के बाद, यह विधेयक केवल 298 वोट ही हासिल कर सका, जबकि 230 सांसदों ने इसका विरोध किया।
‘देना होगा महिलाओं को जवाब’
सूत्रों ने कैबिनेट बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से कहा है कि विपक्ष को इसके परिणामों का सामना करना होगा और महिलाओं को जवाब देना होगा। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “उन्होंने देश की महिलाओं को निराश किया है। यह संदेश हर एक व्यक्ति तक, हर एक गांव तक पहुंचाया जाना चाहिए।”