नागपुर। महाराष्ट्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां नागपुर-पुणे हाइवे पर एक बस और ट्रक में टक्कर हो गई। घटना में अभी तक 7 लोगों की मौत हुई है, जबकि 13 अन्य घायल हैं। जिन्हें नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जानकारी के मुताबिक हादसा बुलढाणा जिले में हुआ। वहां एक बस पुणे से महेकर जा रही थी, तभी दूसरी ओर से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। जिसमें कई लोग बुरी तरह से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उनको तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
एक चश्मदीद के मुताबिक बस मेहेकर डिपो की थी। वो यात्रियों को लेकर जा रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। घटना के बाद वहां पर चीख-पुकार मच गई। जिसे सुनकर वहां पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। इसके बाद घायलों को सिंदखेडराजा सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
अमरावती में भी बड़ा हादसा
वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र के अमरावती में भी एक बड़ा हादसा हुआ, जहां ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इस घटना में पांच लोगों की मौत हुई, जबकि 7 अन्य घायल हैं। जिनको तुरंत दरियापुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल एक ही परिवार के हैं।
जानकारी के मुताबिक हादसा अमरावती के दरियापुर-अंजनगांव रोड पर हुआ। कार में सवार लोग एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनको टक्कर मार दी। मृतकों में दो महिलाएं, दो बच्चे शामिल हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही वाहनों को सील कर दिया।
Comments are closed.