बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। NEET-UG विवाद और छात्रों के आंदोलन पर लगातार दो पोस्ट करने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया। कई यूजर्स ने आरोप लगाया कि सलमान खान अपने रुख से पीछे हट गए हैं और सरकार के दबाव में आ गए हैं। अब भाईजान ने आधी रात को एक ऐसा पोस्ट किया है, जिसे ट्रोलर्स के लिए सीधा जवाब माना जा रहा है।
रात 3 बजे शेयर की शर्टलेस तस्वीर
सलमान खान ने देर रात करीब तीन बजे जिम से अपनी एक शर्टलेस तस्वीर साझा की। तस्वीर में वह अपनी फिटनेस और दमदार फिजीक फ्लॉन्ट करते नजर आए। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उनके कैप्शन की हो रही है। उन्होंने लिखा, “सलमान खान डर गया… हम्म, जो डर गया वो मर गया।” सलमान का यह पोस्ट देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फैंस इसे ट्रोलर्स को दिया गया करारा जवाब बता रहे हैं।
छात्रों के समर्थन में किया था पहला पोस्ट
इससे पहले सलमान खान ने अपने बचपन की तस्वीर शेयर करते हुए NEET-UG विवाद पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने लिखा था कि छात्रों का आंदोलन शुरुआत में पूरी तरह शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में हिंसक हो जाना बेहद दुखद है। उन्होंने घायल छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पेपर लीक बेहद गंभीर मुद्दा है।सलमान ने यह भी कहा कि उन्हें खुशी है कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग के लिए एकजुट हुए हैं और उनके माता-पिता भी उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने शिक्षा को देश का सबसे बड़ा ट्रेंड और प्राथमिकता बनाने की बात कही, ताकि भारत दुनिया का एजुकेशन हब बन सके।
फिर की घर लौटने की अपील
इसके बाद सलमान खान ने एक और पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने छात्रों से आंदोलन खत्म कर अपने घर लौटने की अपील की। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।अपने संदेश में सलमान ने लिखा कि पढ़ाई और छात्रों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने छात्रों से अपने माता-पिता के पास लौटने की अपील की और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से भी अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया।सलमान ने भावुक अंदाज में लिखा कि यदि जरूरत पड़े तो संघर्ष का जज्बा किसी और दिन के लिए बचाकर रखें और फिलहाल कुछ खा-पी लें। उन्होंने मजाकिया लहजे में यह भी कहा कि चाहें तो वह अपने घर से खाना भी भेज सकते हैं।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
सलमान खान के दूसरे पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब आलोचना हुई। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि अभिनेता अपने पहले रुख से पीछे हट गए हैं, जबकि उनके समर्थकों का कहना है कि सलमान ने केवल छात्रों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण समाधान की अपील की थी। अब आधी रात को आए उनके शर्टलेस पोस्ट और कैप्शन ने इस बहस को एक बार फिर तेज कर दिया है। फैंस इसे ट्रोलर्स को दिया गया ‘भाईजान स्टाइल’ जवाब बता रहे हैं।