वॉशिंगटन/तेहरान । अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। दोनों देशों के बीच हुआ सीजफायर अब पूरी तरह टूट चुका है। ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे तीन वाणिज्यिक जहाजों पर हमले के बाद अमेरिका ने बड़े सैन्य अभियान की शुरुआत कर दी। वहीं, ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने दावा किया है कि अमेरिका ने मशहद के पास दो अहम पुलों को निशाना बनाया है।
उत्तरी और दक्षिणी ईरान में अमेरिकी हमले तेज
गुरुवार को अमेरिकी सेना ने उत्तरी ईरान में बड़े हमले करते हुए अक्काला क्षेत्र के एक रणनीतिक रेलवे ब्रिज को ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि इस पुल का इस्तेमाल ईरानी सेना तक रसद पहुंचाने के लिए किया जाता था। इसके अलावा अमेरिकी सेना ने मिसाइल हमलों के जरिए मूसा द्वीप, चाबहार और बुशहर में भी कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
CENTCOM ने एंटी-शिप मिसाइल और ड्रोन ठिकानों पर की कार्रवाई
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि उसके अभियान में ईरान के एंटी-शिप मिसाइल लॉन्चर, ड्रोन बेस और तटीय रडार निगरानी प्रणाली को निशाना बनाया जा रहा है। अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।
ट्रंप की चेतावनी के बाद हुआ हमला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमलों से पहले सोशल मीडिया पर ईरान को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि यदि ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर हमले जारी रखे, तो अमेरिका का जवाब और भी अधिक कठोर होगा। ट्रंप ने CENTCOM की कार्रवाई की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “यह ईरान द्वारा जहाजों पर किए गए हमलों का जवाब है। अगर यह दोबारा हुआ तो कार्रवाई और भी भीषण होगी।” उन्होंने यह भी कहा कि “ईरान अगर एक हमला करेगा, तो अमेरिका उसकी जवाबी कार्रवाई में 20 हमले करेगा।”
ईरान ने अमेरिकी ठिकानों को बनाया निशाना
अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान ने बहरीन और कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। साथ ही आशंका जताई जा रही है कि खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी हितों पर और हमले हो सकते हैं।
चाबहार में ब्लैकआउट, कई धमाकों की आवाज
अमेरिकी एयरस्ट्राइक की आशंका के बीच ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर चाबहार में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। ईरानी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, चाबहार और निकटवर्ती कोनार्क क्षेत्र में करीब 10 विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।