नई दिल्ली : वर्ल्ड के नंबर 1 T20I बल्लेबाज अभिषेक शर्मा , जो इस समय शानदार फॉर्म में हैं और एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत के लिए ओपनिंग करेंगे। यह बड़ा मुकाबला 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ खेला जाएगा। अभिषेक का लक्ष्य इस मैच में एक और बड़ी पारी खेलकर भारत को रिकॉर्ड नौवीं बार एशिया कप का खिताब जिताना है। उन्होंने अब तक टूर्नामेंट के छह मैचों में 309 रन बनाए हैं और इस दौरान कई बल्लेबाजी रिकॉर्ड तोड़े हैं। फाइनल मुकाबले में अभिषेक शर्मा एक-दो नहीं बल्कि 11 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि वे रिकॉर्ड क्या हैं।
अभिषेक शर्मा के निशाने पर 11 बड़े T20I रिकॉर्ड्स
- भारत के लिए एक T20I सीरीज/टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन
अभिषेक शर्मा अगर 11 रन और बना लेते हैं, तो वह विराट कोहली का भारत के लिए एक T20I सीरीज/टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। कोहली ने 2014 के T20 विश्व कप में 319 रन बनाए थे। अभिषेक ने इस एशिया कप में अब तक 309 रन बनाए हैं।
- फूल मेंबर नेशन के खिलाड़ी द्वारा एक T20I सीरीज/टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन
इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए अभिषेक को 23 रन बनाने होंगे। अगर वह ऐसा करते हैं, तो वह इंग्लैंड के फिल साल्ट को पीछे छोड़ देंगे, जिन्होंने 2023 में 331 रन बनाए थे। यदि अभिषेक 91 रन बनाते हैं, तो वह 400 रन बनाने वाले पहले फूल मेंबर नेशन के खिलाड़ी बन जाएंगे।
- एक T20I सीरीज/टूर्नामेंट में कुल मिलाकर सर्वाधिक रन
कनाडा के आरोन जॉनसन (402 रन) का यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए अभिषेक को 94 रनों की जरूरत है।
- लगातार 30+ स्कोर
अगर अभिषेक फाइनल में 30 या उससे अधिक रन बनाते हैं, तो वह T20I में लगातार 8 बार 30+ स्कोर बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। वह इस समय रोहित शर्मा और मोहम्मद रिजवान के साथ लगातार 7 बार 30+ स्कोर बनाकर बराबरी पर हैं।
- भारत के लिए एशिया कप के एक सीजन में सर्वाधिक रन (T20I और ODI)
यह रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम है, जिन्होंने 2008 के एशिया कप में 372 रन बनाए थे। अभिषेक को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 64 रन बनाने होंगे।
- एशिया कप के एक सीजन में कुल मिलाकर सर्वाधिक रन
श्रीलंका के सनथ जयसूर्या ने 2008 में 378 रन बनाए थे। अभिषेक को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 70 रन की जरूरत है।
- एक T20I सीरीज में सर्वाधिक बाउंड्री (चौके और छक्के)
अभिषेक ने इस एशिया कप में अब तक 50 बाउंड्री लगाई हैं। कनाडा के आरोन जॉनसन का 65 बाउंड्री का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें 16 और बाउंड्री लगानी होंगी।
- एशिया कप T20I के एक सीजन में सर्वाधिक 50+ स्कोर
एक और अर्धशतक लगाने पर अभिषेक T20I एशिया कप के एक सीजन में चार बार 50 का आंकड़ा पार करने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। वह फिलहाल तीन अर्धशतकों के साथ मोहम्मद रिजवान, विराट कोहली और पथुम निसंका के साथ बराबरी पर हैं।
- एशिया कप T20I में भारत के लिए सर्वाधिक रन
अभिषेक को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 121 रनों की आवश्यकता है। यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने 10 मैचों में 429 रन बनाए हैं।
- एशिया कप T20I में कुल मिलाकर सर्वाधिक रन
यह रिकॉर्ड श्रीलंका के पथुम निसंका (434 रन) के नाम है। इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए अभिषेक को 126 रन बनाने होंगे।
- पाकिस्तान के खिलाफ लगातार अर्धशतक
अगर अभिषेक पाकिस्तान के खिलाफ इस फाइनल में अर्धशतक लगाते हैं, तो वह पाकिस्तान के खिलाफ लगातार T20I में तीन बार 50+ स्कोर बनाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।