डेस्क। पंजाब किंग्स (PBKS) का IPL 2026 अभियान 2018 की याद दिला रहा है। आठ साल पहले उन्होंने छह में से पांच मैच जीतकर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन अगले आठ में से सात मुक़ाबले हारकर सातवें स्थान पर रहे थे। इस बार भी कहानी लगभग वैसी ही रही है। टीम ने अपने पहले छह पूरे हुए मैच जीते, लेकिन अब लगातार छह हार झेल चुकी है।
इनमें से एक जीत लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के ख़िलाफ़ भी आई थी, लेकिन तब से काफ़ी कुछ बदल चुका है। कभी अंक तालिका में टॉप पर रहने की राह पर दिख रही PBKS अब प्लेऑफ़ से बाहर होने के खतरे में है। अंतिम चार में सिर्फ़ एक जगह बची है और PBKS को उसमें पहुंचने के लिए शनिवार को LSG को हराना ही नहीं, बल्कि रविवार को मुंबई इंडियंस (MI) से राजस्थान रॉयल्स (RR) को हराने की उम्मीद भी करनी होगी। अगर PBKS हारती है तो उसका अभियान वहीं ख़त्म हो जाएगा।
इस IPL में LSG के चार बल्लेबाज़ों ने कम से कम दस पारियां खेली हैं। मार्श 563 रन के साथ टीम के सबसे बड़े रन स्कोरर हैं, लेकिन उनके बाद सबसे ज़्यादा रन पंत के हैं, जिन्होंने सिर्फ़ 286 रन बनाए हैं।
कुल मिलाकर LSG के टॉप सात बल्लेबाज़ों ने इस सीजन सभी टीमों में दूसरे सबसे कम रन (2090) बनाए हैं। उनका औसत (28.63) और स्ट्राइक रेट (146.15) भी सबसे खराब रहा है। IPL 2026 अब LSG के हाथ से निकल चुका है, इसलिए वह उम्मीद करेगी कि अगले सीज़न उनकी बल्लेबाज़ी बेहतर प्रदर्शन करे।
प्रियांश आर्या की फ़ॉर्म में तेज़ गिरावट आई है। सीजन की शुरुआती सात पारियों और पिछली पांच पारियों के आंकड़ों में बड़ा फर्क दिखता है। शुरुआती सात पारियों में उन्होंने 283 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 40.43 और स्ट्राइक रेट 250.44 था। वहीं पिछली पांच पारियों में उनके सिर्फ़ 81 रन हैं, जिसमें उनका औसत 16.20 और स्ट्राइक रेट 139.65 रहा है।
इन पांच में से चार पारियों में वह शॉर्ट या बैक ऑफ़ लेंथ गेंद पर आउट हुए हैं। LSG के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी, प्रिंय यदव, मोहसिन ख़ान और मयंक यादव उसी कमजोरी को निशाना बना सकते हैं।
शमी मंगलवार को RR के खिलाफ खेले गए LSG के पिछले मुकाबले में नहीं खेले थे। अगर वह फ़िट होते हैं तो PBKS के ख़िलाफ़ आकाश सिंह की जगह ले सकते हैं, जिन्होंने RR के ख़िलाफ़ तीन ओवर में 54 रन दिए थे।
लखनऊ सुपर जायंट्स (संभावित XI): 1 मिचेल मार्श, 2 जोश इंग्लिस, 3 निकोलस पूरन, 4 आयुष बदोनी, 5 ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), 6 अब्दुल समद, 7 शाहबाज़ अहमद, 8 मोहसिन ख़ान, 9 मयंक यादव, 10 मोहम्मद शमी, 11 प्रिंस यादव, 12 दिग्वेश राठी
PBKS ने RR के ख़िलाफ़ रन चेज़ के दौरान युज़वेंद्र चहल की जगह मार्कस स्टॉयनिस को इम्पैक्ट सब के तौर पर उतारा था। LSG के ख़िलाफ़ भी वह यही बदलाव जारी रख सकते हैं, जिससे उन्हें चहल और हरप्रीत बरार के रूप में दो स्पिनर खिलाने का मौक़ा मिलेगा।
पंजाब किंग्स (संभावित XI) : 1 प्रियांश आर्या, 2 प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), 3 कूपर कॉनली, 4 श्रेयस अय्यर (कप्तान), 5 सूर्यांश शेडगे, 6 मार्कस स्टॉयनिस, 7 शशांक सिंह, 8 अज़मतुल्लाह ओमरज़ई, 9 हरप्रीत बरार, 10 लॉकी फ़र्ग्युसन, 11 अर्शदीप सिंह, 12 युजवेंद्र चहल
पिच और परिस्थितियां
इकाना स्टेडियम में यह मुकाबला पिच नंबर 5 पर खेला जाएगा, जो मिश्रित मिट्टी वाली सतह है। इसलिए यहां बल्लेबाज़ों और गेंदबाज़ों दोनों के लिए मदद रहने की उम्मीद है। इस सीजन लखनऊ में नियमित समय में पूरे हुए पांच मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने 3-2 की बढ़त बनाई है। शनिवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है और बारिश की कोई आशंका नहीं है।