तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। अमे
रिका और ईरान के बीच बड़ा समझौता होने की खबर है। एक्सियोस न्यूज के मुताबिक, दोनों देश 60 दिन के युद्धविराम समझौते के बेहद करीब हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस समझौते के तहत होर्मुज को फिर से खोला जाएगा, ताकि जहाजों की आवाजाही सामान्य हो सके। ईरान इस दौरान होर्मुज में लगाई गई बारूदी सुरंगों को हटाने पर सहमत हो सकता है। इसके बदले अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर लगी रोक में ढील देगा और कुछ प्रतिबंधों में राहत देकर ईरान को खुलकर तेल बेचने की इजाजत दे सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्तावित समझौते में ईरान यह वादा भी करेगा कि वह कभी परमाणु हथियार बनाने की कोशिश नहीं करेगा। साथ ही यूरेनियम एनरिच्ड प्रोग्राम को सीमित करने और हाईली एनरिच्ड यूरेनियम के भंडार को हटाने पर बातचीत होगी।
अमेरिका ईमानदार नहीं- ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने आसिम मुनीर से मुलाकात में कहा कि अमेरिका ईमानदारी नहीं दिखा रहा, ईरान अपने अधिकारों पर समझौता नहीं करेगा।
ईरान वार्ता में इजराइल की भूमिका घटी- न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक ट्रम्प सरकार ने ईरान वार्ता में इजराइल की भूमिका सीमित कर दी, जिससे प्रधानमंत्री नेतन्याहू को बड़ा राजनीतिक झटका लगा।
ट्रम्प की बेटी को हत्या की धमकी- FBI ने इवांका ट्रम्प को कथित हत्या की धमकी देने वाले इराकी नागरिक मोहम्मद बाकेर साद दाऊद अल-सादी को गिरफ्तार किया है।
अमेरिका बढ़ा-चढ़ा बात कर रहा- रूसी अधिकारी मिखाइल उल्यानोव ने कहा कि अमेरिका ईरान वार्ता का डेवलपमेंट बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा, जबकि असली हालात उतने सकारात्मक नहीं हैं।
भारत में पेट्रोल-डीजल फिर महंगा- मिडिल ईस्ट संकट और क्रूड ऑयल महंगा होने से भारत में पेट्रोल-डीजल कीमतें फिर बढ़ीं, दिल्ली में पेट्रोल ₹99.51 और डीजल ₹92.49 पहुंचा।