मुंबई। भारत के सीनियर बैटर विराट कोहली हैमस्ट्रिंग, यानी जांघ की मांसपेशियों में चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। सूत्र के हवाले से इसकी पुष्टि की है। हालांकि, BCCI ने इस मामले में कोई बयान जारी नहीं किया है।
37 साल के कोहली अपने करियर में पहली बार चोट की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हुए हैं। इससे पहले वे चोट के कारण कभी किसी पूरी सीरीज से बाहर नहीं हुए हैं। हालांकि, उन्हें एक-दो मैच छोड़ने पड़े हैं।
कोहली ने RCB को लगातार दूसरा IPL खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 75 रन की नाबाद पारी खेली थी। बताया जा रहा है कि इसी पारी के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है।
कोहली और रोहित को लेकर अधिकृत जानकारी जल्द ही सामने आएगी। वनडे सीरीज से पहले उनकी फिटनेस का आंकलन किया जाएगा।
13 जून को खेला जाएगा पहला वनडे मैच
अफगानिस्तान का भारत दौरा 6 जून से शुरू हो रहा है। टीम मुल्लांपुर स्टेडियम पर 6 जून से सिंगल टेस्ट मैच खेलेगी। उसके बाद 13 जून से 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी।
रोहित शर्मा की फिटनेस पर भी नजरें
कोहली के अलावा, पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस पर भी सस्पेंस है। उन्हें हैमस्ट्रिंग चोट से उबरने की शर्त पर टीम में शामिल किया गया था। रोहित को चोट के कारण IPL के कुछ मैचों से बाहर रहना पड़ा था। रोहित की फिटनेस पर अंतिम फैसला टीम प्रबंधन और मेडिकल स्टाफ की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा।
सीरीज की व्यूअरशिप पर असर पड़ेगा
कोहली और रोहित की गैरमौजूदगी से अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज की व्यूअरशिप पर असर पड़ेगा। क्योंकि, ये दोनों स्टार केवल वनडे क्रिकेट ही खेलते हैं। दोनों ने टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया है।
तिलक, सैमसन और पाटीदार संभावित विकल्प
कोहली की गैरमौजूदगी में सिलेक्टर्स के सामने देवदत्त पडिक्कल, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड, संजू सैमसन और रजत पाटीदार जैसे ऑप्शंस हैं। टीम मैनेजमेंट की नजरें पाटीदार और सैमसन के पर है।