कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले हुगली के गोघाट में तृणमूल कांग्रेस सांसद मिताली बाग की गाड़ी पर हमले के आरोप को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सोमवार दोपहर उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई, जिसमें वह घायल हो गईं और फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
टीएमसी का आरोप है कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की सभा में शामिल होने के लिए आरामबाग जाते समय गोघाट इलाके में बीजेपी समर्थित असामाजिक तत्वों ने उनकी गाड़ी पर हमला किया। हमले में गाड़ी के शीशे टूट गए और कांच के टुकड़ों से मिताली बाग घायल हो गईं।
घटना के बाद मिताली बाग ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर कहा, “मुझे जान से मारने की कोशिश की गई। देखिए किस तरह गाड़ी को तोड़ दिया गया है।” उन्होंने इस मामले में चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पार्टी नेता बिमान घोष का कहना है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने ही बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला किया और इस घटना को छिपाने के लिए झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया, “हमारे कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं और हमारी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई है।”
इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हमले के पीछे कौन जिम्मेदार है।
चुनाव से पहले इस तरह की घटना ने एक बार फिर राजनीतिक टकराव को तेज कर दिया है। अब सबकी नजर जांच और हालात के सामान्य होने पर टिकी है।