कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य पुलिस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह केंद्रीय बलों के साथ मिलकर गड़बड़ी कर रही है। चुनावी माहौल के बीच उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है।
सेंट्रल फोर्स चली जाएगी, आपको यहीं रहना है
एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान ममता बनर्जी ने पुलिसकर्मियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उन्हें यह ध्यान रखना चाहिए कि चुनाव के बाद केंद्रीय बल वापस चले जाएंगे, लेकिन राज्य पुलिस को यहीं रहना है। उन्होंने कहा कि 4 मई के बाद सेंट्रल फोर्स चली जाएगी, लेकिन आपको यहीं रहना है. हमें सब पता है आपका और आपके परिवार का भी।
केंद्रीय बलों के साथ मिलीभगत का आरोप
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि बंगाल पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ मिलकर काम कर रही है, जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। हालांकि उन्होंने इस संबंध में कोई ठोस उदाहरण सार्वजनिक रूप से नहीं दिया। राज्य में चुनाव के दौरान पहले से ही राजनीतिक हिंसा और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।ऐसे में मुख्यमंत्री का यह बयान प्रशासनिक निष्पक्षता और कानून-व्यवस्था को लेकर नई बहस खड़ी कर सकता है।
इस दौरान मुख्यमंत्री BJP और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या BJP यह तय करेगी कि बंगाल कैसा होगा, और केंद्र से पहले अपने राज्यों की समस्याओं पर ध्यान देने को कहा। ममता बनर्जी ने कहा कि BJP को बंगाल पर टिप्पणी करने से पहले दिल्ली और पहलगाम जैसी जगहों की स्थिति सुधारनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पहलगाम में हमला हुआ, तब केंद्र ने पर्याप्त सुरक्षा बल नहीं भेजे, जबकि बंगाल में बड़ी संख्या में केंद्रीय बल तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वहां एक भी पुलिसकर्मी नहीं था, और यहां 2 लाख पुलिसकर्मी भेज दिए गए. यह सिर्फ हमारी पार्टी के खिलाफ कार्रवाई के लिए किया जा रहा है।
हमने 100 का आंकड़ा पार किया
ममता बनर्जी ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने पहले चरण में ही 100 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है और आने वाले चरणों में भी यह बढ़त जारी रहेगी। उनके मुताबिक, इसी वजह से BJP घबराई हुई है और प्रशासनिक स्तर पर दबाव बना रही है।
NRC और वोटिंग पर अपील
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने वोट का इस्तेमाल जरूर करें और वोटर स्लिप की कॉपी अपने पास रखें।उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में NRC लागू किया जा सकता है, जिससे लोगों को परेशानी हो सकती है।
सामाजिक मुद्दों पर भी जवाब
BJP द्वारा बंगाल की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य में हर वर्ग को सम्मान के साथ जीने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि गरीब हो या अमीर हर किसी को जीने का अधिकार है। मेहनत से कमाने वालों का सम्मान होना चाहिए। ममता बनर्जी के इस बयान के बाद राज्य का चुनावी माहौल और गर्म हो गया है. राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होते जा रहे हैं, जिससे आगामी चरण में मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।