अहमदाबाद । आईपीएल 2026 फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार झेलने के बाद गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को एक बड़े सुरक्षा खतरे का सामना करना पड़ा। नरेंद्र मोदी स्टेडियम से होटल लौटते समय टीम की बस में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिसके कारण वाहन बीच रास्ते में खराब हो गया। जानकारी के अनुसार बस के अंदर धुआं फैलने लगा, जिसके बाद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य घायल नहीं हुआ।
होटल लौटते समय हुआ हादसा
यह घटना रविवार रात उस समय हुई जब गुजरात टाइटंस की टीम बस अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम से होटल की ओर जा रही थी। रास्ते में बस में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके कारण बस में आग लग गई और चारों तरफ धुआं फैल गया। हालात बिगड़ने से पहले ही खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, आग लगने के बाद टीम के सदस्य करीब एक घंटे तक सड़क पर फंसे रहे और इंतजार करते रहे, जिसके बाद उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई और खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को होटल पहुंचाया गया।
बड़ा हादसा टला
हालांकि आग लगने की घटना गंभीर थी, लेकिन समय रहते सभी खिलाड़ियों को बाहर निकाल लेने के कारण बड़ा हादसा टल गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने बस की जांच शुरू कर दी। यह हादसा ऐसे समय में हुआ जब गुजरात टाइटंस पहले ही फाइनल में हार से निराश थी। टीम को आरसीबी के खिलाफ खिताबी मुकाबले में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
लगातार यात्रा से भी जूझ रही थी टीम
फाइनल से पहले गुजरात टाइटंस का कार्यक्रम भी काफी व्यस्त रहा। टीम ने 29 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 मुकाबला खेलने के लिए धर्मशाला से मुल्लांपुर तक लंबी यात्रा की थी।
इसके बाद 30 मई को अहमदाबाद लौटने का कार्यक्रम खराब मौसम के कारण प्रभावित हुआ और टीम निर्धारित समय से काफी देर बाद अपने घरेलू बेस पहुंच सकी। लगातार यात्रा और कम आराम को लेकर भी चर्चाएं होती रहीं।
क्या थकान बनी हार की वजह?
फाइनल के बाद गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी से पूछा गया कि क्या लगातार यात्रा और थकान टीम के प्रदर्शन पर असर डाल सकती थी। हालांकि उन्होंने इस तर्क को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। सोलंकी ने कहा, ‘मैं यह कहकर आरसीबी की जीत का श्रेय कम नहीं करना चाहता कि हमने कम दिनों में ज्यादा मैच खेले और हम थके हुए थे। यह हमारी सोच नहीं है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘निश्चित रूप से 155 रन का स्कोर औसत से कम था, लेकिन खिलाड़ियों ने उसका बचाव करने के लिए शानदार संघर्ष किया। हम यह जरूर देखेंगे कि हम क्या अलग कर सकते थे, लेकिन यह भी स्वीकार करना होगा कि कभी-कभी विपक्षी टीम भी बहुत अच्छा खेलती है।’
राहत की बात, सभी खिलाड़ी सुरक्षित
गुजरात टाइटंस के लिए यह रात निराशा और तनाव से भरी रही। पहले टीम खिताबी मुकाबला हार गई और फिर लौटते समय बस में आग लगने की घटना सामने आई। हालांकि सबसे बड़ी राहत यही रही कि किसी खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।