नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में अब तक 40 मैच खेले जा चुके हैं। एक के बाद एक हमको रोचक मुकाबले इस सीजन देखने को मिल रहे हैं। वहीं जैसे-जैसे सीजन आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे प्लेऑफ की रेस और भी ज्यादा रोचक होती जा रही है। बता दें कि बीते 28 अप्रैल को मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह इस सीजन पंजाब किंग्स की पहली हार थी।
अभी यह कहना या भविष्यवाणी करना कि ये चार टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करेंगी, थोड़ा जल्दी होगा क्योंकि आईपीएल अनिश्चितताओं का खेल है और यहां बाजी कभी भी पलट जाती है। इस वक्त कोई भी टीम आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की रेस से पूरी तरह से बाहर नहीं हुई है। आइये जानते हैं कि किस टीम को प्लेऑफ में क्वालीफाई करने के लिए कितने मैच जीतने हैं। बता दें कि वैसे तो कम से कम 16 अंक के साथ प्लेऑफ में क्वालीफिकेशन पक्की हो जाती है। लेकिन कभी-कभी 14 अंक के साथ भी टीमों ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया है।
सभी टीमों का प्लेऑफ सेनेरियो
पंजाब किंग्स– पंजाब किंग्स इस वक्त 13 अंक के साथ टेबल में टॉप पर है। अगर वे अगले 6 में से 2 या 3 मैच भी जीतेंगे तो भी आराम से क्वालीफाई कर जाएंगे।
आरसीबी- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के 12 अंक हैं। उनको अपने बचे हुए 6 मैचों में से कम से कम 2 या 3 मैच प्लेऑफ में क्वालीफाई करने के लिए जीतने होंगे।
राजस्थान रॉयल्स- राजस्थान रॉयल्स के भी 12 अंक हैं। लेकिन वे 9 मैच खेल चुके हैं। उनको प्लेऑफ में क्वालीफाई करने के लिए बचे हुए 5 मैच में से कम से कम 2 मुकाबले तो जीतने ही पड़ेंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद- सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 में से 5 मुकाबले जीते हैं। उनके 10 अंक हैं। हैदराबाद को अगर बिना किसी परेशानी के प्लेऑफ में पहुंचना है तो कम से कम 4 मैच यहां से जीतने होंगे क्योंकि काफी टीमें 16 अंक तक इस बार पहुंच सकती हैं।
गुजरात टाइटंस- गुजरात टाइटंस ने 8 में से 4 मुकाबले जीते हैं और 4 हारे हैं। उनको प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बचे हुए 6 मैचों में से 4 या 5 मैच जीतने होंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स- चेन्नई सुपर किंग्स ने 8 में से 3 मैच जीते हैं। उनको अगर प्लेऑफ में पहुंचना है तो कम से कम 6 में से 5 तो जीतने ही पड़ेंगे और 16 अंक पर अगर क्लैश होता है तो इसके लिए उन्हें अपनी नेट रन रेट पर भी ध्यान देना होगा।
दिल्ली कैपिटल्स- दिल्ली कैपिटल्स भी 8 में से अब तक 3 मैच जीत पाई है। उनका भी सेनेरियो चेन्नई सुपर किंग्स की तरह है। अगर दिल्ली को प्लेऑफ में पहुंचना है तो तकरीबन सभी मैच यहां से जीतने होंगे।
कोलकाता नाइटराइडर्स– कोलकाता ने अब तक 8 में से सिर्फ 2 मैच जीते हैं। उनके 5 अंक हैं। कोलकाता को अगर 16 अंक तक पहुंचना है तो यहां से सभी मैच जीतने होंगे।
मुंबई इंडियंस– मुंबई इंडियंस ने 7 में से सिर्फ 2 मैच जीते हैं। अगर उन्हें 16 पॉइंट तक पहुंचना है तो सभी मैच जीतने होंगे।
लखनऊ सुपर जायंट्स– लखनउ ने 8 में से सिर्फ 2 मुकाबले जीते हैं और वे पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे हैं। अगर लखनऊ को भी 16 अंक तक पहुंचना है तो उनको यहां से सभी मैच जीतने होंगे।