नई दिल्ली: विराट कोहली ने आईपीएल में अपने 300 छक्के पूरे कर लिए हैं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में विराट ने 81 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 44 गेंदों की पारी में उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के मारे। अपना पहला छक्का मारते ही विराट ने लीग में 300 छक्के पूरे कर लिए। वह आईपीएल में 300 छक्के मारने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले क्रिस गेल और रोहित शर्मा यह कारनामा कर चुके हैं।
गेल के रिकॉर्ड से कितने दूर विराट?
क्रिस गेल के नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड है। 2009 से 2021 के बीच गेल ने आईपीएल में 142 मैच खेले। इस दौरान उनके बल्ले से 357 छक्के निकले। विराट कोहली को गेल का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 55 और छक्कों की जरूरत है। विराट अभी तक आईपीएल में 274 मुकाबले खेल चुके हैं। इस सीजन 7 मैचों में विराट के 12 छक्के हैं।
विराट कोहली और रोहित शर्मा में रेस
विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने की रेस है। रोहित शर्मा अभी सबसे ज्यादा छक्के मारने की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान के नाम आईपीएल में 310 छक्के हैं। वह अभी चोटिल चल रहे हैं। आरसीबी के खिलाफ मैच के दौरान उनका हैमस्ट्रिंग खींच गया था। इसकी वजह से लीग मैचों से बाहर बैठे हुए हैं। इस सीजन खेले 4 मैचों में रोहित के नाम 8 छक्के हैं।
विराट के पास ऑरेंज कैप
37 साल के विराट कोहली 34 मैचों के बाद आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप होल्डर भी हैं। 7 मैचों में उन्होंने 54.67 की औसत और 163 की स्ट्राइक रेट से 328 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर चल रहे अभिषेक शर्मा के 54 की औसत और 215 की स्ट्राइक रेट से 323 रन हैं। हेनरिक क्लासेन के नाम भी इस सीजन 300 से ज्यादा रन दर्ज हैं।