पटना। महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे बिजेंद्र को ठाणे लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि उससे मिली जानकारी के आधार पर पूरे पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
25 वर्षों से सक्रिय होने का दावा
पुलिस के अनुसार, समस्तीपुर निवासी बिजेंद्र कुमार गुप्ता लंबे समय से पेपर लीक गिरोह से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह करीब 25 वर्षों से इस नेटवर्क का हिस्सा रहा है। उसका नाम पहले भी कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों में सामने आ चुका है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्ष 2011 के एक चर्चित पेपर लीक मामले में भी वह आरोपी रह चुका है।
पत्नी की भी हो चुकी है गिरफ्तारी
इस मामले में जून महीने में बिजेंद्र की पत्नी सुमन कुमारी को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का आरोप है कि वह भी इस नेटवर्क से जुड़ी हुई थी।
पेपर लीक के बाद स्थगित हुई परीक्षा
पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने 28 जून को प्रस्तावित TET-2026 परीक्षा स्थगित कर दी थी। इस परीक्षा में करीब छह लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद थी। राज्यभर में 1,728 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सरकार ने परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया था।
कई राज्यों में चल रही थी तलाश
बिजेंद्र कुमार गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र पुलिस की टीमें बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही थीं। आखिरकार उसे बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले भिवंडी पुलिस इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे पेपर लीक नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों और लोगों से जुड़े हुए हैं।