अहमदाबाद। क्रिकेट फैंस का लंबा इंतजार अब खत्म हो चुका है। आईपीएल 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर है और आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस सीजन का सबसे बड़ा महामुकाबला होने जा रहा है। खिताबी भिड़ंत के लिए जो दो टीमें आमने-सामने खड़ी हैं, वे हैं डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस। इस ऐतिहासिक फाइनल मैच से पहले आइए पूरी तरह समझते हैं इन दोनों टीमों के बीच की राइवलरी, हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, इस सीजन की जंग और उन खिलाड़ियों के बारे में जो आज मैच का पासा पलट सकते हैं।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में किसका पलड़ा भारी
आईपीएल के इतिहास में अब तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच कुल 9 बार आमना-सामना हुआ है। इन आंकड़ों में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलती है। अब तक खेले गए इन 9 मुकाबलों में से आरसीबी ने 5 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि गुजरात टाइटंस की टीम 4 मैचों में विजयी रही है। इस प्रतिद्वंद्विता में आरसीबी का गुजरात के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर 254 रन रहा है, जो इसी सीजन के क्वालीफायर-1 में बना था, जबकि उनका न्यूनतम स्कोर 155 रन रहा है। आंकड़ों के लिहाज से आरसीबी की टीम 5-4 से मामूली बढ़त बनाए हुए है, लेकिन आज होने वाला 10वां मुकाबला सीधे आईपीएल ट्रॉफी का फैसला करेगा।
एक ही सीजन में चौथी बार भिड़ेंगी दोनों टीमें
इस साल इन दोनों टीमों के बीच की सबसे रोमांचक चैप्टर लिखा गया है क्योंकि फाइनल से पहले इस सीजन में दोनों टीमें तीन बार आमने-सामने आ चुकी हैं। पहली भिड़ंत 24 अप्रैल को बेंगलुरु में हुई थी, जहां गुजरात ने साई सुदर्शन के 58 गेंदों में जड़े शानदार शतक की बदौलत 205/3 का विशाल स्कोर बनाया था, लेकिन जवाब में किंग विराट कोहली की 44 गेंदों में 81 रनों की आतिशी पारी और देवदत्त पडिक्कल के 27 गेंदों में 55 रनों की बदौलत आरसीबी ने इस लक्ष्य को 7 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया था।
इसके बाद 30 अप्रैल को अहमदाबाद में हुए दूसरे मैच में गुजरात टाइटंस ने जोरदार पलटवार किया और आरसीबी की मजबूत बल्लेबाजी को महज 155 रनों पर समेट कर इस आसान लक्ष्य को केवल 15.5 ओवरों में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। दोनों टीमों के बीच तीसरा मुकाबला 26 मई को धर्मशाला में क्वालीफायर-1 के रूप में खेला गया, जहां आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने 33 गेंदों में 93 रन बनाया और आरसीबी को 254 रनों के ऐतिहासिक स्कोर तक पहुंचा दिया। जवाब में गुजरात की टीम 162 रनों पर ढेर हो गई और आरसीबी ने 92 रनों के विशाल अंतर से जीतकर सीधे फाइनल में प्रवेश किया।
GT vs RCB महामुकाबले में इन 4 दिग्गजों पर रहेंगी नजरें
किंग विराट कोहली गुजरात टाइटंस के खिलाफ रन बनाने के मामले में सबसे आगे हैं, जिन्होंने गुजरात के खिलाफ अब तक 460 रन बनाए हैं और उनका बल्लेबाजी औसत 60 से अधिक का है, जो आईपीएल की किसी भी एक टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनके साथ ही आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार इस समय अविश्वसनीय फॉर्म में चल रहे हैं, जिन्होंने क्वालीफायर-1 में महज 33 गेंदों में 93 रनों की पारी खेलकर इतिहास रचा था।
दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस के कप्तान और रन-मशीन शुभमन गिल इस सीजन में अब तक 15 मैचों में 722 रन बना चुके हैं और वे अपनी टीम की बल्लेबाजी के मुख्य आधार हैं। गेंदबाजी में गुजरात के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज सबसे बड़े एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं, जो इस सीजन में अब तक 18 विकेट चटका चुके हैं और सालों तक आरसीबी का हिस्सा रहने के कारण वहां के बल्लेबाजों की कमजोरियों को बहुत अच्छी तरह से जानते हैं।