डेस्क। बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त कई फिल्में हैं, पर कुछेक को छोड़कर सब की हालत पस्त नजर आ रही है। जहां मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’ दूसरे हफ्ते में ही दम तोड़ती नजर आ रही हैं, वहीं दो हफ्ते पुरानी ‘चांद मेरा दिल’ भी फुस्स है। इन सभी के बीच इस हफ्ते राम चरण की ‘पेद्दी’, बॉबी देओल की ‘बंदर’ और वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ रिलीज हुई हैं। इन तीनों ही फिल्मों से काफी उम्मीदें थीं। ‘पेद्दी’ ने तो बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत भी की। पेड प्रिव्यू शोज से ₹18.80 करोड़ कमाने के बाद इसने ओपनिंग डे पर वर्ल्डवाइड 112 करोड़ से अधिक कमा लिए थे, पर दूसरे ही दिन यह लुढ़क गई। उधर, बॉबी देओल की ‘बंदर’ एक करोड़ की कमाई को भी तरस गई। जबकि ‘है जवानी तो इश्क होना है’ ने हैरान कर दिया। पहले ही दिन इसने ‘बंदर’ को करारी मात दी।
‘पेद्दी’, ‘बंदर’ और ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का बॉक्स ऑफिस पर कैसा हाल रहा और किसने कितनी कमाई की, यहां जानिए:
‘बंदर’ ओपनिंग डे पर ही पड़ी सुस्त
सबसे पहले बात बॉबी देओल स्टारर ‘बंदर’ की, जिसे अनुराग कश्यप ने डायरेक्ट किया है। फिल्म का ट्रेलर आने के वक्त से ही इसे लेकर काफी बज़ था, पर अग्रेसिव तरीके से इसे प्रमोट नहीं किया गया। हालांकि, बॉबी देओल की एक अलहदा परफॉर्मेंस का सभी को बेसब्री से इंतजार था। फिल्म रिलीज हुई, तो ओपनिंग डे पर ही सुस्त पड़ गई। ओपनिंग डे पर ही इसे ‘है जवानी तो इश्क होना है’ और ‘पेद्दी’ से कड़ी टक्कर मिली। उधर, ‘दृश्यम 3’ और ‘चांद मेरा दिल’, ‘भूत बंगला’ और ‘पति पत्नी और वो दो’ जैसी फिल्मों ने भी इसके लिए कदम जमाने में मुश्किल खड़ी कर दी।
‘बंदर’ ओपनिंग डे कलेक्शन, 1 करोड़ भी नहीं कमाए
Sacnilk के मुताबिक, ‘बंदर’ ने ओपनिंग डे पर सिर्फ 50 लाख रुपये की कमाई की। यह एक करोड़ का आकंड़ा भी नहीं छू सकी। यह कमाई इसने 1,365 शोज से की। ओपनिंग डे पर इसकी ऑक्यूपेंसी सिर्फ 10% रही। इतनी कम कमाई की वजह एक तो इसका कम स्क्रीन्स पर रिलीज होना रहा और साथ ही बॉक्स ऑफिस पर इसे अन्य फिल्मों से कड़ी टक्कर मिली, जिसके कारण यह पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर अपनी जगह बनाने में नाकामयाब रही। वहीं, ‘है जवानी तो इश्क होना है’ ओपनिंग डे पर 9,081 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई। वहीं, ‘पेद्दी’ को दूसरे दिन 10,113 शोज मिले।
‘है जवानी तो इश्क होना है’ ओपनिंग डे कलेक्शन
‘है जवानी तो इश्क होना है’ की बात करें, तो इसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की। इसने ओपनिंग डे पर ही दुनियाभर में 11 करोड़ रुपये कमा लिए। पहले दिन जहां इसने 9,081 शोज से ₹7.50 करोड़ का कलेक्शन किया, तो वहीं ग्रॉस इनकम ₹9 करोड़ रही। वहीं, वर्ल्डवाइड इसने ₹11 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया। इस तगड़ी ओपनिंग के कारण ही ‘है जवानी तो इश्क होना है’ बॉबी देओल की ‘बंदर’ से आगे निकल गई है, जो इसके साथ ही रिलीज हुई।
‘है जवानी तो इश्क होना है’ को किस चीज का मिला फायदा?
ट्रेड एक्सपर्ट्स की मानें, तो ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को रिलीज करने से पहले ही मेकर्स ने बहुत जोर-शोर से प्रमोट किया था और एक तगड़ी मार्केटिंग स्ट्रैटिजी बनाई। इसके लिए मेकर्स ने एक बुकिंग ऐप के साथ साझेदारी की और दर्शकों को ओपनिंग डे पर स्पेशल ऑफर दिया। इसके तहत पहले दिन की स्क्रीनिंग के लिए खरीदे गए टिकटों पर 200 रुपये तक की 50% छूट दी गई। हालांकि इस तरीके से टिकट की औसत कीमत कम हुई, लेकिन माना जा रहा है कि इससे सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या काफी बढ़ी, जिससे सिनेमाघरों में फुटफॉल भी बढ़ा।’है जवानी तो इश्क होना है’ का बजट 50-55 करोड़ रुपये है। अब ओपनिंग डे पर इसने जिस तरह की कमाई की है, उससे उम्मीद है कि यह आने वाले दिनों में और अच्छा परफॉर्म करे। साथ ही ‘वर्ड ऑफ माउथ’ पब्लिसिटी से भी इसे फायदा मिल सकता है।
‘पेद्दी’ कलेक्शन डे २
अब बात राम चरण की ‘पेद्दी’ की। पेड प्रिव्यूज के साथ रिलीज हुई इस स्पोर्ट्स ड्रामा ने जहां ओपनिंग डे पर दुनियाभर में ₹112 करोड़ से अधिक कमाए, तो वहीं दूसरे दिन इसकी कमाई 47.3% गिर गई और ₹26.90 करोड़ का कलेक्शन किया। हालांकि, इसके बावजूद यह देश में 100 करोड़ के आंकड़े के करीब पहुंच गई है। देश में ‘पेद्दी’ का कलेक्शन ₹96.40 करोड़ हो चुका है।
‘पेद्दी’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन और अन्य भाषाओं से कमाई
वहीं, ओवरसीज मार्केट में इसने दूसरे दिन ₹8 करोड़ की कमाई की, जिसके बाद अब इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹150.49 करोड़ हो गया है। ‘पेद्दी’ मूल रूप से तेलुगू में बनी है, पर इसे हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषा में भी रिलीज किया गया है। ‘पेद्दी’ ने सबसे ज्यादा कमाई तेलुगू भाषा से की। इससे ₹24.20 करोड़ कमाए, जबकि हिंदी से ₹2.25 करोड़, कन्नड़ भाषा से 17 लाख रुपये, मलयालम से 3 लाख और तमिल भाषा से 25 लाख रुपये कमाए। ₹350 करोड़ के बजट में बनी ‘पेद्दी’ के दूसरे दिन तेलुगू में 4,950 शोज दिखाए गए, जबकि हिंदी भाषा में इसके 4,220 शोज रहे। वहीं कन्नड़ और मलयालम में इसके कुल 184-184 शोज रहे।
‘पेद्दी’ की हिंदी में गिरी कमाई
हिंदी से होने वाली ‘पेद्दी’ की कमाई शुक्रवार, 5 जून को घट गई, जिसकी वजह दो नई रिलीज- ‘बंदर’ और ‘है जवानी तो इश्क होना है’ रहीं। दोनों ही फिल्मों के बीच स्क्रीन्स और फुटफॉल बट गया।
तेलुगू- ₹24.20 करोड़
हिंदी- ₹2.25 करोड़
तमिल- ₹25 लाख
कन्नड़- ₹17 लाख
मलयालम- ₹3 लाख
‘पेद्दी’ ने ‘गेम चेंजर’ को पछाड़ा पर RRR को छू न सकी
अब बेशक, ‘पेद्दी’ दो दिनों में देशभर में 100 करोड़ के करीब है और दुनियाभर में 112 करोड़ से अधिक कमा चुकी है, पर यह राम चरण की ही फिल्म RRR का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई है। उसने ओपनिंग डे पर 155.99 करोड़ की ग्रॉस कमाई की थी, और दुनियाभर में दुनियाभर में लाइफटाइम कलेक्शन ₹1,230 करोड़ था। हालांकि, ‘पेद्दी’, राम चरण की पिछली रिलीज ‘गेम चेंजर’ को पहले ही दिन मात देने में सफल रही। ‘गेम चेंजर’ ने पहले दिन दुनियाभर में दुनिया भर में 80.09 करोड़ रुपये की कुल कमाई की थी।