मुंबई। मशहूर फिल्म डायरेक्टर और प्रोड्यूसर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास पर हुई फायरिंग की घटना ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया था। इस मामले में जांच कर रही मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर मुख्य शूटर को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद दूसरे राज्य में भाग गया था।
पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
गिरफ्तार किए गए शूटर को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस हमले के पीछे किस गैंग का हाथ है और हमलावर का मकसद क्या था। क्या यह केवल डराने के लिए की गई फायरिंग थी या इसके पीछे जबरन वसूली जैसा कोई बड़ा कारण था, इसकी गहराई से जांच की जा रही है।
आरोपियों पर लगा मकोका
जानकारी के मुताबिक, 1 फरवरी की देर रात करीब 12.45 बजे जुहू स्थित रोहित शेट्टी के आवास ‘शेट्टी टावर्स’ की पहली मंजिल पर स्कूटर स्वर शूटर ने कम से कम पांच बार गोलियां चलाई। एक गोली इमारत के अंदर स्थित जिम के शीशे पर लगी। पुलिस ने इस मामले में अब तक आदित्य गायकी (19), सिद्धार्थ येनपुरे (20), समर्थ पोमाजी (18), स्वप्निल सकट (23) और आसाराम फसाले को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, रोहित शेट्टी के आवास पर गोलीबारी का मकसद शहर में दहशत फैलाना था। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मकोका की कड़ी धाराएं लगाई गईं है।