अमरावती। आंध्र प्रदेश में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। प्रकाशम जिले में तंगुतुर टोल गेट के पास एक तेज रफ्तार लॉरी ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी ओर, अनंतपुर जिले में भी लॉरी की टक्कर से चार लोगों की जान चली गई और आठ लोग घायल हो गए।
पंचायत चुनाव में वोट डालने जा रहे थे कार सवार
प्रकाशम जिले में हुई दुर्घटना के संबंध में राज्य परिवहन मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब कार तंगुतुर टोल गेट पर मौजूद थी। इसी दौरान पीछे से आई एक लॉरी ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार चार लोगों की जान चली गई। हादसे में घायल एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग कर्नाटक से अपने पैतृक गांव जा रहे थे। उनका उद्देश्य पंचायत चुनाव में मतदान करना था, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है।
अनंतपुर में भी लॉरी की टक्कर से चार लोगों की मौत
सड़क दुर्घटना की दूसरी घटना अनंतपुर जिले के याडिकी मंडल में रायलाचेरुवु के नजदीक हुई। यहां एक लॉरी ने वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। राज्य के परिवहन मंत्री राम प्रसाद रेड्डी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन हैदराबाद से ताडिपत्री की ओर जा रहा था। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुणे में ट्रक ने तीन छात्रों की ली थी जान
इससे पहले महाराष्ट्र के पुणे में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया था। येवालेवाड़ी इलाके में ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड रिसर्च के बाहर एक बेकाबू ट्रक ने तीन छात्रों की जान ले ली थी, जबकि दो अन्य घायल हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे ट्रक बोपदेव घाट की खड़ी ढलान से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। ट्रक ने पहले एक कार को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में घायल पांच छात्रों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया था। इलाज के दौरान तीन छात्रों सिद्धेश राजे, विशाल डांगडे और मोहिनी चौधरी की मौत हो गई।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
आंध्र प्रदेश और पुणे में हुई इन दुर्घटनाओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर टोल प्लाजा, व्यस्त मार्गों और ढलान वाले रास्तों पर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है।