Home » उत्तर प्रदेश » यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों पर मंथन तेज, कांग्रेस की 130 सीटों की लिस्ट में से 26 पर अखिलेश की पार्टी राजी!

यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों पर मंथन तेज, कांग्रेस की 130 सीटों की लिस्ट में से 26 पर अखिलेश की पार्टी राजी!

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत तेज हो गई है। दोनों दलों के नेता सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच खबर है. . .

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत तेज हो गई है। दोनों दलों के नेता सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच खबर है कि कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित 130 विधानसभा सीटों में से समाजवादी पार्टी ने शुरुआती दौर में 26 सीटों पर सहमति जताई है। हालांकि, बाकी सीटों को लेकर सपा ने कांग्रेस से उम्मीदवारों के नाम और चुनावी समीकरण की जानकारी मांगी है। सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को हुई पहली बैठक के बाद मंगलवार को दोनों दलों के बीच दूसरे दौर की बातचीत हो रही है। इस बैठक में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में दोनों पार्टियों की राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती और संभावित उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता पर चर्चा की जा रही है।

कांग्रेस की 130 सीटों की मांग, सपा ने सामने रखीं 26 सीटें

कांग्रेस ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं को 130 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी। इन सीटों पर पार्टी अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। सपा ने सूची पर विचार करने के बाद फिलहाल 26 सीटों को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया है। बाकी सीटों के संबंध में सपा का कहना है कि कांग्रेस पहले अपने संभावित प्रत्याशियों के नाम और संबंधित क्षेत्रों में जीत की संभावनाओं का विवरण दे। इसके बाद सीटों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

इन 26 विधानसभा सीटों पर बनी शुरुआती सहमति

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की सूची में शामिल 26 सीटों को तीन श्रेणियों में रखा गया है।

1. वर्ष 2022 में कांग्रेस ने इन दो सीटों पर दर्ज की थी जीत:

  • रामपुर खास
  • फरेंदा

2. पिछली विधानसभा में दूसरे स्थान पर रही थी कांग्रेस:

  • मथुरा
  • खेरागढ़
  • जगदीशपुर
  • किदवई नगर

3. अन्य 20 प्रस्तावित सीटें:

  • बागपत
  • मोदीनगर
  • हापुड़
  • जेवर
  • स्याना
  • खुर्जा
  • खैर
  • इगलास
  • मांट
  • आगरा उत्तर
  • फतेहपुर सीकरी
  • बिलग्राम-मल्लावां
  • गोविंद नगर
  • नानपारा
  • गोरखपुर शहर
  • खजनी
  • पडरौना
  • फाजिलनगर
  • पिंडरा
  • वाराणसी कैंट

इन सीटों को लेकर बातचीत जारी है। अभी इसे अंतिम सीट बंटवारा नहीं माना जा रहा है।

अमेठी-रायबरेली और मैनपुरी-इटावा पर भी नजर

सीटों के बंटवारे में दोनों पार्टियां अपने पारंपरिक राजनीतिक क्षेत्रों का विशेष ध्यान रख रही हैं। कांग्रेस के प्रभाव वाले अमेठी और रायबरेली जैसे इलाकों में सपा अपने सहयोगी दल के हितों को प्राथमिकता दे सकती है। वहीं मैनपुरी और इटावा जैसे समाजवादी पार्टी के मजबूत क्षेत्रों में कांग्रेस भी सपा की राजनीतिक स्थिति को ध्यान में रखकर रणनीति बनाने के पक्ष में है। दूसरे दौर की बैठक में विधानसभा क्षेत्रों के जातीय समीकरण, स्थानीय संगठन की स्थिति, पिछले चुनावों के परिणाम और उम्मीदवारों की लोकप्रियता जैसे पहलुओं पर चर्चा होने की संभावना है।

अगले 2 से 4 दिनों में गठबंधन पर फैसला संभव

सोमवार को कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की बैठक हुई थी। यह बैठक करीब 20 मिनट चली। इसमें दोनों पार्टियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने बातचीत को सकारात्मक बताया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि सपा के साथ सीटों की संख्या पर चर्चा हुई है। कांग्रेस ने अपनी मांग रखी है और सपा नेताओं ने इस पर विचार करने का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से चर्चा के बाद जवाब देने की बात कही है। वहीं सपा के मुख्य महासचिव राम गोपाल यादव ने भी बातचीत को सौहार्दपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात सुनी है और अगले दो से तीन दिनों में गठबंधन को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।

अखिलेश यादव पहले ही दे चुके हैं जीतने वाले उम्मीदवारों पर जोर

सीट बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव पहले भी अपनी प्राथमिकता स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग रखी गई है, लेकिन गठबंधन में केवल सीटों की संख्या महत्वपूर्ण नहीं होनी चाहिए। उनका जोर इस बात पर रहा है कि दोनों पार्टियां ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारें, जिनके जीतने की संभावना सबसे ज्यादा हो। इसी रणनीति के तहत सपा ने सीटों के बंटवारे के लिए राम गोपाल यादव के नेतृत्व में एक समिति भी बनाई है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, लोकसभा सांसद राजीव राय और इकरा चौधरी शामिल हैं।

2024 लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन से बढ़ा गठबंधन का भरोसा

सपा और कांग्रेस ने 2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने साथ मिलकर चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया। इस गठबंधन को प्रदेश में अच्छी सफलता मिली। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से दोनों दलों ने मिलकर 43 सीटों पर जीत हासिल की। इस प्रदर्शन के बाद कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर सीट हिस्सेदारी की उम्मीद है। कांग्रेस वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा के साथ हुए गठबंधन का भी हवाला दे रही है। उस समय कांग्रेस ने 107 सीटों पर चुनाव लड़ा था।

भाजपा को चुनौती देने के लिए विपक्षी एकजुटता की कोशिश

उत्तर प्रदेश में लगातार दो विधानसभा चुनाव जीतने वाली भाजपा को चुनौती देने के लिए सपा और कांग्रेस एक बार फिर मजबूत गठबंधन तैयार करने में जुटी हैं। दोनों दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाने की है। कांग्रेस अधिक सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि सपा जीतने की संभावना और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के आधार पर फैसला लेने के पक्ष में है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं और अगले साल की शुरुआत में चुनाव प्रस्तावित हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि अखिलेश यादव और कांग्रेस नेतृत्व के बीच सीटों को लेकर कितनी जल्दी सहमति बनती है और क्या 2024 लोकसभा चुनाव जैसा विपक्षी गठबंधन विधानसभा चुनाव में भी भाजपा के सामने बड़ी चुनौती पेश कर पाएगा।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम