Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

उत्तर भारत में बारिश से जल प्रलय ! अब तक 22 लोगों की मौत, देखिए कंपा देने वाले वायरल वीडियो

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

नई दिल्ली। दिल्ली से लेकर हिमाचल प्रदेश, पंजाब से लेकर जम्मू-कश्मीर तक बारिश का दौर जारी है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में रविवार को मूसलाधार बारिश हुई। भूस्खलन एवं वर्षा के बाद विभिन्न घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गई। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली तथा अन्य स्थानों के लोगों द्वारा जलमग्न सड़कों पर वाहन तैरते नजर आए। हिमाचल प्रदेश में स्थिति बहुत बिगड़ गई है। राज्य में पिछले 36 घंटों में चौदह बड़े भूस्खलन और अचानक बाढ़ की 13 घटनाओं की सूचना मिली है। वहीं, 700 से अधिक सड़कें बंद कर दी गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रविवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे में दिल्ली में जहां 153 मिमी बारिश हुई, वहीं हरियाणा के चंडीगढ़ और अंबाला में क्रमशः 322.2 मिमी और 224.1 मिली मीटर रिकॉर्ड बारिश हुई।
दिल्ली, हिमाचल और पंजाब में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल के मंडी में आज भी तेज वर्षा जारी है तो वहीं, हरियाणा द्वारा यमुना में एक लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से नदी का जलस्तर तेजी से खतरे के निशान तक पहुंच रहा है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। नदियां और नाले उफान पर हैं, रावी नदी के पास स्थित कई घर जलमग्न हो गए हैं। मलबे और चट्टानों के कारण पठानकोट-भरमौर एनएच बंद हो गया।
हिमाचल के बिलासपुर में गम्ब्रोला पुल के पास भूस्खलन
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में गम्ब्रोला पुल के पास भूस्खलन से मार्ग पर यातायात रुक गया है। पिछले 2-3 दिनों से यहां लगातार भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन हो रहा है।
 यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को कर सकता है पार
दिल्ली की PWD मंत्री आतिशी ने कहा कि कल यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर जाएगा। उन्होंने कहा कि यमुना किनारे रहने वाले लोगों को निकाला जा रहा है। नावें तैनात की गई हैं और उनके पास उचित बचाव उपकरण हैं।
 हिमाचल में बारिश का रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज और 11 जुलाई के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है, इसलिए हमने स्कूल और कॉलेज बंद करने का फैसला किया है।
 दिल्ली, पंजाब और हिमाचल में टूटे बारिश के सभी रिकॉर्ड
दिल्ली में अब तक 112 फीसद, पंजाब में 100 फीसद और हिमाचल प्रदेश में औसत से 70 फीसद अधिक वर्षा हुई है।
उत्तर भारत में मूसलाधार बारिश और बाढ़ से 22 लोगों की मौत
उत्तर भारत में बीते दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से 22 लोगों की मौत हो गई है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और बाढ़ जहां नुकसान कर रही है, वहीं मैदानों में लगातार बारिश से घर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
हिमाचल में भारी बारिश से 3 दिनों में 9 की मौत, 250 घर क्षतिग्रस्त
हिमाचल प्रदेश के मंत्री जगत सिंह नेगी ने भारी बारिश के चलते राज्य में हुए नुकसान के बारे में बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले 3 दिनों में अभूतपूर्व भारी बारिश हुई है, इससे बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे, सड़कों, पीने के पानी की सुविधाओं, किसानों के खेतों के साथ-साथ घरों को नुकसान हुआ है। हादसों में नौ लोगों की मौत हुई है और लगभग 250 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
हमीरपुर जिले में 28 संपर्क मार्ग बंद
हिमाचल के हमीरपुर में बारिश से कई मार्ग बाधित हो गए हैं और कई जगह भूस्खलन हुआ है व पेड़ भी गिरे हैं। ब्यास सहित अन्य खड्डों में पानी का प्रवाह अधिक है। जिला के विभिन्न उपमंडलों में करीब 28 संपर्क मार्ग बाधित हुए हैं। इन मार्गों को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग जुटा है।
सुक्खू की हिमाचल के लोगों से घर में रहने की अपील, हेल्पलाइन नंबर जारी किया
हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल के लोगों से अगले 24 घंटों तक अपने घरों के अंदर रहने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना है। सीएम ने 3 हेल्पलाइन नंबर 1100, 1070 और 1077 भी जारी किया।
 दिल्ली का प्रगति मैदान टनल बंद
बारिश के चलते दिल्ली में जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है। इसी के चलते प्रगति मैदान टनल बंद कर दिया गया है।
 मंडी के थुनाग में बादल फटने से बाढ़
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने कहर मचा रखा है। इस बीच मंडी के थुनाग में बादल फटने से बाढ़ आ गई है। इस तबाही का वीडियो भी सामने आया है।
हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर भूस्खलन और बाढ़
हिमाचल प्रदेश में बारिश जारी है, जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन और बाढ़ आ गई है। स्वारघाट के पास नैना देवी रोड पर भारी बारिश हो रही है।
कुल्लू बस स्टैंड के पास बाढ़ जैसे हालात
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के चलते कुल्लू में लगघाटी खड्ड उफान पर है। कुल्लू बस स्टैंड के पास बाढ़ जैसे हाल हैं।
कुमाऊं में लगातार बारिश के कारण टनकपुर-पिथौरागढ़ मार्ग पर भूस्खलन
उत्तराखंड के कुमाऊं में लगातार बारिश के कारण टनकपुर-पिथौरागढ़ मार्ग कुछ स्थानों पर भूस्खलन हो गया है। प्रशासन की ओर से एनएच 9 ऑल वेदर रोड पर सड़क साफ करने का काम जारी है। इस बीच, यात्री भी मार्ग साफ करने के लिए बोल्डर हटा रहे हैं। बारिश के कारण जिले के लोहाघाट की सड़कों पर जलभराव हो गया है।
मनाली में बिजली, पानी और मोबाइल सेवा ठप
मनाली में भारी बारिश के चलते 15 से अधिक होटल ब्यास में बहे। 63 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। इलाके में बिजली पानी व मोबाइल नेटवर्क सेवा ठप हो गई है।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.