कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भाजापा के विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वह बंगाल में भाजापा के पहले मुख्यमंत्री बनेंगे। गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को उनके नाम का एलान किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने के लिए कोलकाता आ रहे हैं।
समय और स्थान
शपथ ग्रहण समारोह 9 मई 2026 को सुबह 11:00 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। यह दिन बेहद खास है क्योंकि इस दिन रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती है। इसी मैदान से प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान ‘परिवर्तन’ का नारा दिया था और यहीं बीजेपी की रैलियों का समापन हुआ था। समारोह के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं और करीब 4000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
जानें समारोह में कौन शामिल होंगे
इस समारोह में देश की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। मेहमानों की सूची में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री, भाजापा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और 21 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हैं। समारोह में एनडीए शासित राज्यों के डिप्टी सीएम और बंगाल भाजापा के सभी प्रमुख नेता भी मौजूद रहेंगे। विशेष रूप से रवींद्रनाथ टैगोर के परिवार के सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया है। इनके अलावा खेल, कला, साहित्य और धार्मिक जगत की हस्तियां भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी।
मंत्रिमंडल और डिप्टी सीएम की चर्चा
संभावना है कि शुभेंदु अधिकारी की सरकार में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। इसमें किसी महिला नेता को जगह मिल सकती है, जिनमें रूपा गांगुली और अग्निमित्रा पॉल के नाम चर्चा में हैं। शुभेंदु अधिकारी के साथ करीब 26 से 27 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। बंगाल विधानसभा की सदस्य संख्या के हिसाब से राज्य में अधिकतम 44 मंत्री हो सकते हैं। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में कुछ चौंकाने वाले नाम भी शामिल हो सकते हैं और कुछ पद भविष्य के विस्तार के लिए खाली रखे जा सकते हैं।