Home » देश » दिल्ली-एनसीआर को निशाना बनाने की साजिश ! तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान के नाम पर आईएसआई और गैंगस्टर नेटवर्क का बड़ा खुलासा

दिल्ली-एनसीआर को निशाना बनाने की साजिश ! तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान के नाम पर आईएसआई और गैंगस्टर नेटवर्क का बड़ा खुलासा

नई दिल्ली। पाकिस्तान पर भारत के खिलाफ प्रॉक्सी वॉर की नई रणनीति अपनाने के आरोपों के बीच सुरक्षा एजेंसियों ने तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (टीटीएच) नामक कथित संगठन को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एजेंसियों का दावा है कि पाकिस्तान की खुफिया. . .

नई दिल्ली। पाकिस्तान पर भारत के खिलाफ प्रॉक्सी वॉर की नई रणनीति अपनाने के आरोपों के बीच सुरक्षा एजेंसियों ने तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (टीटीएच) नामक कथित संगठन को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एजेंसियों का दावा है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और गैंगस्टर शहजाद भट्टी मॉड्यूल इस नेटवर्क को संचालित कर रहे हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में टीटीएच के नाम का प्रचार कर दहशत का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही थी।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, पिछले महीने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार किए गए आठ कथित आतंकियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलीं। दावा है कि इन लोगों को TTH का प्रचार-प्रसार करने का जिम्मा दिया गया था। आरोप है कि ये सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स के जरिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स, जिनमें शहजाद भट्टी और आबिद जट जैसे नाम शामिल हैं, के संपर्क में थे। उनके निर्देश पर दिल्ली और फरीदाबाद की दीवारों पर TTH के समर्थन में ग्रैफिटी बनाई गई, जिसके वीडियो पाकिस्तान भेजे गए और बदले में पांच-पांच हजार रुपये दिए गए।

दिल्ली-एनसीआर को बनाया जा सकता है अगला निशाना

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि TTH के जरिए राजधानी दिल्ली और एनसीआर में विस्फोट जैसी घटनाओं को अंजाम देकर दहशत फैलाने की साजिश रची जा रही है। इससे पहले पंजाब में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला और एक एएसआई की हत्या जैसी घटनाओं की जिम्मेदारी भी TTH ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली थी।

कई राज्यों तक फैला नेटवर्क

खुफिया एजेंसियों के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में TTH के नेटवर्क से जुड़े इनपुट मिले हैं। एजेंसियों का कहना है कि इस संगठन के जरिए भारत में अस्थिरता और भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।

टीटीएच के नाम पर भ्रम फैलाने की कोशिश

अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान में लंबे समय से सक्रिय संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) पहले से मौजूद है। जांच एजेंसियों का दावा है कि TTH नाम का इस्तेमाल जानबूझकर इस तरह किया जा रहा है ताकि इसे तालिबान समर्थित संगठन के रूप में प्रचारित किया जा सके और भ्रम फैलाया जा सके।

गैंगस्टर और अंडरवर्ल्ड नेटवर्क का इस्तेमाल

जांच में यह भी सामने आया है कि देशभर के गैंगस्टरों और मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े पुराने अपराधियों के जरिए आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रची जा रही है। जेलों में बंद अपराधियों से संपर्क साधने, उन्हें सस्ते हथियार उपलब्ध कराने और विदेश भेजने का लालच देकर नेटवर्क मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। पंजाब सीमा के रास्ते ड्रोन के जरिए हथियार, ग्रेनेड और नशीले पदार्थों की तस्करी कर आतंक के लिए फंडिंग किए जाने की भी आशंका जताई गई है।

युवाओं को पैसे और हथियारों का लालच

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए भारतीय युवाओं को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें हथियारों की सप्लाई, भर्ती, पुलिस पर हमले और अन्य आपराधिक गतिविधियों के बदले मोटी रकम और जल्द अमीर बनने का लालच दिया जा रहा है। जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहन पड़ताल कर रही हैं।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम