भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सोमवार का दिन एक चौंकाने वाले और ऐतिहासिक उलटफेर का गवाह बना है। वीकडेज की शुरुआत के साथ ही जहां सुपरस्टार यश की हाई-बजट फिल्म ‘टॉक्सिक’ की कमाई धड़ाम हो गई है, वहीं कम बजट की फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर चमत्कार कर दिखाया है। नीम करौली बाबा के जीवन और दर्शन पर आधारित इस भक्ति-प्रधान फिल्म ने अपनी रिलीज के 25वें दिन हिंदी बॉक्स ऑफिस पर यश की ‘टॉक्सिक’ को भी कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है।मात्र ₹2 करोड़ के छोटे से बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ (राइटर-डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी) ने 25 दिनों में अपनी लागत से 2181.5% से अधिक का शानदार मुनाफा कमा लिया है। इसके विपरीत, गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी और ₹500 करोड़ के भारी-भरकम बजट वाली ‘टॉक्सिक’ की हालत बॉक्स ऑफिस पर बेहद खराब होती जा रही है।
‘टॉक्सिक’ का हाल: पहले सोमवार के इम्तिहान में फिल्म फेल
नेगेटिव रिव्यूज़ और माउथ पब्लिसिटी की कमी के कारण यश की ‘टॉक्सिक’ को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। फिल्म ने पहले दिन देश भर में ₹101.10 करोड़ की बंपर ओपनिंग के साथ शानदार शुरुआत की थी, लेकिन उसके बाद से इसकी कमाई में लगातार भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। स्थिति यह है कि अब इसके ₹500 करोड़ के बजट को रिकवर करने पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।पहले सोमवार के टेस्ट में इस गैंगस्टर-एक्शन-थ्रिलर फिल्म को तगड़ा झटका लगा है और यह ₹10 करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई। आने वाले दिनों में इसकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं, क्योंकि आगामी शुक्रवार, 04 सितंबर को बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।
‘टॉक्सिक’ का भाषा-वार और कुल कलेक्शन (शुरुआती 6 दिन): Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के छठे दिन यानी पहले सोमवार को 5 भाषाओं और 13,400 शोज मिलने के बावजूद ‘टॉक्सिक’ ने देश भर में केवल ₹7.45 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। रविवार की छुट्टी के दिन हुई ₹23.00 करोड़ की कमाई की तुलना में सोमवार को इसके कारोबार में सीधे तौर पर 67.60% की भारी गिरावट दर्ज की गई है। इन 6 दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन ₹221.55 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन ₹264.80 करोड़ पहुंच गया है।
- पहला दिन (बुधवार): ₹101.10 करोड़
- दूसरा दिन (गुरुवार): ₹37.65 करोड़
- तीसरा दिन (शुक्रवार): ₹27.20 करोड़
- चौथा दिन (शनिवार): ₹25.15 करोड़
- पांचवां दिन (रविवार): ₹23.00 करोड़
- छठा दिन (सोमवार): ₹7.45 करोड़
‘हनुमान अंश’: 25वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर जलवा जारी
इस पूरे हफ्ते का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि सोमवार के कारोबार में ‘हनुमान अंश’ ने बड़े बजट की ‘टॉक्सिक’ को मात दे दी। केवल हिंदी भाषा में रिलीज हुई इस भक्ति ड्रामा फिल्म का क्रेज दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। पहले दिन महज ₹10 लाख से खाता खोलने वाली इस फिल्म ने 25वें दिन सोमवार को देश में ₹5.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया।तुलना की जाए तो, सोमवार को यश की ‘टॉक्सिक’ ने अपने हिंदी डब वर्जन से सिर्फ ₹4.40 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जो ‘हनुमान अंश’ की हिंदी कमाई से ₹1.10 करोड़ कम है। दिलचस्प बात यह है कि ‘हनुमान अंश’ ने यह शानदार आंकड़ा केवल 6,587 शोज के साथ हासिल किया, जबकि ‘टॉक्सिक’ को हिंदी और अन्य भाषाओं को मिलाकर 9,578 शोज मिले थे।
‘हनुमान अंश’ का वीक-वाइज और डे-वाइज कलेक्शन: फिल्म की कमाई में तीसरे हफ्ते के बाद से जो उछाल आया है, वह अविश्वसनीय है। शुरुआती 16 दिनों तक यह फिल्म लाखों में सिमटी हुई थी, लेकिन 17वें दिन से इसकी रफ्तार ने जो गति पकड़ी, उसने ट्रेड एनालिस्ट्स को भी हैरान कर दिया। सिनेमाघरों में बढ़ती भीड़ के कारण इसके शोज की संख्या भी सैकड़ों से बढ़कर अब हजारों में पहुंच चुकी है। 25 दिनों में इस फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन ₹45.63 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन ₹53.82 करोड़ हो गया है।
- पहला हफ्ता: ₹1.08 करोड़
- दूसरा हफ्ता: ₹40 लाख
- तीसरा हफ्ता: ₹10.40 करोड़
- 22वां दिन (शुक्रवार): ₹6.25 करोड़
- 23वां दिन (शनिवार): ₹9.25 करोड़
- 24वां दिन (रविवार): ₹12.75 करोड़
- 25वां दिन (सोमवार): ₹5.50 करोड़