डेस्क। सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ के सेट से एक दुखद खबर सामने आई है। डायरेक्टर नेल्सन दिलीपकुमार की फिल्म के आर्ट डिपार्टमेंट से जुड़े एक वर्कर की मौत हो गई है। यह हादसा गुरुवार को हुआ। बताया जाता है कि वर्कर की मौत बिजली का झटका लगने से हुई है। मृतक की पहचान 28 साल के कार्तिकेयन के रूप में हुई है।
साउथ सिनेमा से 10 दिनों के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है, जहां क्रू मेंबर की मौत हुई हो। इससे पहले हैदराबाद में प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ के सेट पर जाते हुए क्रू मेंबर्स की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें एक की मौत और 5 अन्य घायल हुए थे।
‘जेलर 2’ के सेट पर क्रू मेंबर की मौत कहां और कैसे हुई?
‘जेलर 2’ के सेट पर इस हादसे के बाद हर कोई सदमे में है। फिल्म की शूटिंग तमिलनाडु के चेन्नई के पनैयूर में एक प्राइवेट फिल्म स्टूडियो में हो रही है। यहां फिल्म के प्रोडक्शन का आखिरी दौर चल रहा है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, क्रू मेंबर कार्तिकेयन अपनी ड्यूटी के हिसाब से एक घर जैसा सेट तैयार करने में जुटा हुआ था, तभी उसे बिजली का जोरदार झटका लगा। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं हुई है, लेकिन कनाथुर पुलिस ने कहा है कि वह इस बात की जांच कर रही है कि यह दुर्घटना थी या इसमें कोई गड़बड़ी की गई।
मेकर्स की ओर से नहीं आया कोई बयान
इस घटना पर अभी तक मेकर्स की ओर से कोई बयान नहीं आया है। यह सब ऐसे समय में भी हुई है, जब फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी Sun Pictures ने कुछ ही हफ्ते पहले ऐलान किया था कि ‘जेलर 2’ की शूटिंग पूरी हो गई है। बीते महीने 21 अप्रैल को सोशल मीडिया पर मेकर्स ने रैप-अप पार्टी की तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें रजनीकांत और डायरेक्टर नेल्सन को कास्ट और क्रू के साथ केक काटते हुए देखा जा सकता है।
‘जेलर 2’ की रिलीज डेट
रजनीकांत ने पहले ही मीडियो को यह बताया था कि ‘जेलर 2’ अगले महीने 12 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हालांकि, ऐसा लग रहा है कि यह फिल्म भी पोस्टपोन होगी। जिस सेट पर यह घटना हुई है, वहां की जानकारी के हिसाब से फिल्म का काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है।
साल 2023 में आई थी ब्लॉकबस्टर ‘जेलर’
सुपरस्टार रजनीकांत की ‘जेलर 2’ साल 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म का सीक्वल है। इस नई फिल्म में उनके साथ राम्या कृष्णन, योगी बाबू और मिरना अपने-अपने किरदारों को दोहराते हुए नजर आएंगे। पिछली फिल्म ‘जेलर’ में मोहनलाल, शिवराजकुमार और जैकी श्रॉफ ने कैमियो भी किया था। Sacnilk के मुताबिक, ₹200 करोड़ के बजट में बनी ‘जेलर’ ने वर्ल्डवाइड ₹604.50 करोड़ की कमाई की थी। यह अब तक की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्म है। टॉप तमिल फिल्मों की लिस्ट में टॉप पर रजनीकांत की ही ‘2.0’ है, जिसने वर्ल्डवाइड ₹691 करोड़ का ग्रॉस बिजनस किया था। दूसरे नंबर पर थलपति विजय की ‘लियो’ है, जिसने ₹605.90 करोड़ का कारोबार किया था।
·