नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर तेज हो गया है। शनिवार को दोनों देशों ने एक-दूसरे पर बड़े हमले किए, जिनमें कुल 15 लोगों की जान चली गई। रूस के कब्जे वाले जापोरिज्जिया क्षेत्र में छुट्टियां मना रहे लोगों के कैंप पर यूक्रेन के हमले में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि यूक्रेन के सूमी क्षेत्र में रूसी ड्रोन हमले में तीन लोगों की जान चली गई। लगातार बढ़ते हमलों के बीच युद्ध के जल्द समाप्त होने की उम्मीदें और कमजोर पड़ती नजर आ रही हैं।
जापोरिज्जिया में चार बच्चों समेत 12 लोगों की मौत
रूस के आंशिक कब्जे वाले जापोरिज्जिया क्षेत्र के प्रमुख येवगेनी बालित्स्की के अनुसार, यूक्रेनी हमले में चार बच्चों सहित 12 लोगों की मौत हुई, जबकि 19 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। हालांकि, इस हमले को लेकर यूक्रेन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई।वहीं, यूक्रेन के सूमी क्षेत्र के गवर्नर ओलेह ह्रिहोरोव ने बताया कि रूसी ड्रोन ने एक नागरिक परिसर को निशाना बनाया, जिससे भीषण आग लग गई। इस हमले में निजी डाक एवं कूरियर कंपनी नोवा पोश्टा के तीन ड्राइवरों की मौत हो गई। दूसरी ओर, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने यूक्रेन के ड्रोन भंडारण और लॉन्च स्थल को निशाना बनाया था।
ड्रोन हमलों से बढ़ा तनाव, ऊर्जा ठिकाने बने निशाना
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि रूस अगले 48 घंटों के भीतर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमला कर सकता है। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की। यूक्रेन लंबे समय से रूस की तेल और ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बना रहा है। इन हमलों के कारण रूस में ईंधन आपूर्ति पर असर पड़ने लगा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यूक्रेन की लंबी दूरी तक मार करने वाली ड्रोन क्षमता अब रूस के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।
ट्रंप-ज़ेलेंस्की की संभावित मुलाकात
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की की मंगलवार को वॉशिंगटन में मुलाकात हो सकती है। हालांकि, यूक्रेन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ज़ेलेंस्की ने इतना जरूर कहा कि उनकी टीम अमेरिका के साथ प्रस्तावित बैठक की तैयारियों में जुटी हुई है।
रोमानिया ने सीमा के पास ड्रोन मार गिराया
इस बीच, रोमानिया ने यूक्रेन सीमा के पास अपने हवाई क्षेत्र में घुसे एक ड्रोन को एफ-16 लड़ाकू विमान की मदद से मार गिराया। इससे एक दिन पहले भी रोमानियाई वायुसेना ने एक अन्य ड्रोन को नष्ट किया था। फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से रूस और यूक्रेन के ड्रोन कई बार नाटो देशों के हवाई क्षेत्र तक पहुंच चुके हैं, जिससे पूरे क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं।