नई दिल्ली। देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में मतदान हो गए हैं। इन चुनावों में बीजेपी को तीन राज्यों में बड़ी जीत मिली है। बीजेपी ने पश्चिम बंगाल और असम में बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं पुडुचेरी में भी बीजेपी अपने सहयोगी दल एआईएनआरसी के साथ सरकार बनाने जा रही है। दूसरी तरफ केरल की बात करें तो यहां एलडीएफ को बड़ी हार मिली है, जबकि यूडीएफ यहां सरकार बनाने जा रही है। इसके अलावा तमिलनाडु में दो साल पुरानी पार्टी टीवीके ने लैंडस्लाइड विक्ट्री दर्ज की है। टीवीके ने डीएमके और एआईएडीएमके को बड़ा झटका दिया है।
विजय के माता-पिता ने जताई खुशी
टीवीके प्रमुख विजय की मां शोभा चंद्रशेखर ने राज्य की कुल 234 सीटों में से 108 सीटें जीतने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मैं बेहद खुश हूं।” वहीं उनके पिता एसए चंद्रशेखर ने कहा, “वह सिर्फ उनकी मां ही नहीं हैं, बल्कि विजय की सबसे बड़ी प्रशंसक भी हैं। वह बेहद खुश हैं।”
जनता ने मुझ पर भरोसा जताया: दिलीप घोष
खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से जीतने वाले भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, “खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र की जनता ने मुझ पर भरोसा जताया है। जनता को पार्टी से बहुत उम्मीदें हैं क्योंकि उन्होंने भारी बहुमत से हमें वोट दिया है।”
सुशासन की जीत, कुशासन का अंत: मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने देश की आधी आबादी का मजाक उड़ाया और उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ी। हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बना रहे हैं, यह सुशासन की जीत और कुशासन का अंत है।”
पार्टी को गंभीरता से आत्मनिरीक्षण करना होगा: शशि थरूर
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव परिणामों पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, “मुझे लगता है कि पार्टी को गंभीरता से आत्मनिरीक्षण करना होगा, इसमें कोई संदेह नहीं है। हमने यह बात पहले भी कही है, और आज हमारे पास एक बहुत अच्छा उदाहरण है कि क्या सही साबित हुआ। अगर हम केरल में इसे सही कर सकते हैं, तो हम इसे अन्य जगहों पर सही करने के लिए क्या कर सकते हैं? यह एक ऐसा सबक है जो कांग्रेस पार्टी को सीखना चाहिए।”
असम और बंगाल के परिणाम ऐतिहासिक: भाजपा तेलंगाना अध्यक्ष
भाजपा तेलंगाना अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने कहा, “चुनाव परिणाम इस बात की ओर इशारा करते हैं कि देश राष्ट्रवादी ताकतों भाजपा की ओर बढ़ रहा है। असम और बंगाल के परिणाम ऐतिहासिक हैं। बंगाल की जनता ने दिखा दिया है कि वे अब तुष्टीकरण की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेंगे। बंगाल के परिणाम यह भी दर्शाते हैं कि चुनाव आयोग ने सुचारू चुनाव कराने के लिए सभी कदम उठाए थे, फर्जी वोटों को हटाया गया और लोगों ने बिना किसी डर के मतदान किया। टीएमसी हार गई है, लेकिन वे इसे स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं और चुनाव आयोग, ईवीएम को दोष दे रहे हैं।”
BJP से बहुत कुछ सीख सकते हैं: शशि थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, “उन्होंने (पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह) बंगाल और असम में अच्छा काम किया है और इसका कुछ श्रेय उन्हें जाता है क्योंकि वे चुनाव कराने में माहिर हैं। वे पेशेवर रूप से संगठित हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता बहुत मजबूत है। उन्होंने अपने चुनाव प्रचार में वित्तीय संसाधनों सहित कई संसाधन लगाए। हम सभी उनसे बहुत कुछ सीख सकते हैं। मेरी यही आशा है कि उनका संदेश भारतीयों को एकजुट करने का होगा, न कि उन्हें विभाजित करने का।”
केरल में जश्न मना रही कांग्रेस
तिरुवनंतपुरम स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल के पोस्टर लगाए गए। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने विधानसभा चुनाव में 140 सीटों में से 102 सीटें जीतीं।