नई दिल्ली। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में खुले। शुरुआती कारोबार में दिग्गज आईटी कंपनियों के शेयरों पर खासा दबाव देखने को मिला। इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा और टीसीएस के शेयरों में गिरावट के साथ कारोबार शुरू हुआ।
सेंसेक्स 69 अंक टूटा, निफ्टी भी गिरावट के साथ खुला
बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 69.38 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,446.05 के स्तर पर खुला। वहीं, एनएसई का निफ्टी-50 इंडेक्स 14.55 अंक यानी 0.06 प्रतिशत फिसलकर 23,883.15 के स्तर पर खुला। पिछले सप्ताह बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला था। हालांकि, शुक्रवार को अंतिम कारोबारी सत्र में घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था।
निफ्टी की 35 कंपनियों के शेयर लाल निशान में
शुरुआती कारोबार में निफ्टी-50 की 50 कंपनियों में से 35 शेयर गिरावट के साथ खुले, जबकि 13 शेयरों में तेजी रही। दो शेयर बिना किसी बदलाव के खुले। इसी तरह सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 20 शेयर लाल निशान में खुले, जबकि केवल 10 कंपनियों के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।
इंफोसिस सबसे ज्यादा टूटा, बजाज फाइनेंस टॉप गेनर
सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में बजाज फाइनेंस के शेयर 0.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे मजबूत प्रदर्शन करने वाले शेयर रहे। इसके विपरीत आईटी दिग्गज इंफोसिस के शेयरों में सबसे ज्यादा 2.27 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। आईटी सेक्टर के अन्य प्रमुख शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली। एचसीएल टेक्नोलॉजीज 1.72 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.01 प्रतिशत और टीसीएस 0.91 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले।
इन सेंसेक्स शेयरों में दिखी तेजी
शुरुआती कारोबार में बीईएल के शेयर 0.51 प्रतिशत, एटरनल 0.43 प्रतिशत, टाटा स्टील 0.42 प्रतिशत और भारती एयरटेल 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले। इसके अलावा एलएंडटी में 0.30 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 0.25 प्रतिशत, टाइटन में 0.12 प्रतिशत, एसबीआई में 0.10 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.03 प्रतिशत की तेजी रही।
इन शेयरों ने गिरावट के साथ किया कारोबार शुरू
गिरावट वाले प्रमुख शेयरों में एचसीएल टेक 1.72 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.01 प्रतिशत, टीसीएस 0.91 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 0.49 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक 0.49 प्रतिशत नीचे खुले। इसके अलावा इंडिगो 0.45 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.41 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 0.39 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.38 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 0.35 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले। आईटीसी, अडाणी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, एनटीपीसी और पावर ग्रिड के शेयरों में भी शुरुआती कारोबार में कमजोरी देखने को मिली।