कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकता पहुंचे और दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। शुभेंदु अधिकारी सहित अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर उन्होंने मुख्यमंत्री पर मुख्य दावेदार शुभेंदु पीठ भी थपथपाई।
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार को राज्यपाल आरएन रवि ने भंग कर दिया। अब बंगाल में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। बंगाल में बीजेपी बहुमत के आंकड़े से काफी आगे है। अब बंगाल का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा और बंगाल में कैबिनेट मंत्रिमंडल में कौन-कौन होगा, इस पर सबकी निगाहों टिकी हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्यमंत्री के चयन को लेकर शुक्रवार अहम बैठक होने जा रही है। यह बैठक कोलकाता में होगी। इसकी अध्यक्षता अमित शाह करेंगे। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री माझी भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि बीजेपी बंगाल के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण 9 मई को करा सकती है। इसकी तैयारियां तेज हो गई हैं। बंगाल में शपथग्रहण के लिए 9 मई की तारीख चुनने के पीछे खास मकसद है। यह तारीख बंगाली कैलेंडर के अनुसार रवींद्रनाथ टैगोर जयंती की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बंगाल में नए मुख्यमंत्री के शपथग्रहण में शामिल होने आ सकते हैं।
अखिलेश ने यूपी को अंधेरे में धकेला- पूर्णिमा चक्रवर्ती
BJP की नवनिर्वाचित विधायक पूर्णिमा चक्रवर्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बंगाल अब विकास के पथ पर आगे बढ़ने को तैयार है। जनता ने उनका खेल खत्म कर दिया है, इसलिए वह (ममता बनर्जी) अब दुष्प्रचार का सहारा ले रही हैं। उन्होंने बंगाल के भविष्य को बर्बाद कर दिया है। जिस तरह अखिलेश यादव ने खुद मुख्यमंत्री बनकर उत्तर प्रदेश को अंधेरे में धकेल दिया था, तो उत्तर प्रदेश की जनता ने उन्हें नकार दिया, और आज उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। बंगाल भी विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा। कल बंगाल में एक नई सरकार बनने जा रही है। बंगाल शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और महिलाओं के सम्मान के क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
अखिलेश यादव का दावा, लोगों ने दबाव में वोट दिया
समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में चुनावों के दौरान लोगों ने दबाव में आकर वोट दिया। उन्होंने BJP पर राज्य में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कमज़ोर करने का आरोप लगाया। कोलकाता में सपा नेता ने कहा कि कि चुनावों के दौरान अत्यधिक दबाव और केंद्रीय बलों की बड़े पैमाने पर तैनाती के कारण लोकतंत्र कमज़ोर हुआ है।समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने आगे आरोप लगाया कि BJP ने लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है और वह राजनीति में महिलाओं के बढ़ते कद को बर्दाश्त नहीं कर सकती।
भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने मारा अभिषेक बनर्जी पर ताना
कोलकाता, पश्चिम बंगाल: BJP सांसद राहुल सिन्हा ने अभिषेक बनर्जी पर तंज कसा है । उन्होंने कहा कि जिन घमंडी लोगों ने कहा था कि 4 तारीख के बाद अमित शाह या कोई भी केंद्रीय मंत्री यहाँ नहीं आ पाएगा, देखिए आज अमित शाह यहां आ गए हैं। जिन लोगों ने ऐसी बातें कही थीं, वे अपने घरों में बैठे हैं। नेता का फ़ैसला विधायक दल की बैठक में होगा, और शाम 6 बजे तक सब कुछ साफ़ हो जाएगा।”
रत्ना देबनाथ ने बताया उत्तर 24 परगना में बम हमले का सच
उत्तर 24 परगना में अपने घर के पास बम हमले की खबरों पर पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र से BJP की विजयी उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने कहा कि बमबाजी मेरे घर के सामने नहीं हुई, यह वॉर्ड नंबर 14 में हुआ। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सात लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। हिंसा करने वाले टीएमसी के हैं। मैं पुलिस स्टेशन गई और शिकायत दर्ज कराई। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।