कानपुर। यूपी के कानपुर में अनियंत्रित बस रेलिंग तोड़ नहर में गिर गई है। बस में 19 लोग सवार थे, जिन्हें रेस्क्यू कर सीएचसी भेजा गया है। बस में सवार रहे सभी घायल लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। दरअसल, डंपर की टक्कर से अनियंत्रित होकर बस, नहर में जा गिरी। डंपर की टक्कर के बाद बस चालक कूदकर भाग निकला और बस नहर में गिर गई। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को रेस्क्यू किया गया।
बिधून रामगंगा नगर पुल पर हुआ हादसा
बता दें कि ये बस, Trident कंपनी के कर्मचारियों को लेकर कुढ़नी से रनियां जा रही थी। बस में सवार क्लीनर समेत सभी 19 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। ये घटना बिधनू थानाक्षेत्र के बिधनू रामगंगा नहर पुल का है।
स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू किए गए लोग
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ लग गई। गनीमत रही कि अभी तक किसी की जान जाने की खबर नहीं आई है।
रेलिंग तोड़कर नहर में समाई बस
गौरतलब है कि ये हादसा इतना भयानक था कि बस ने पहले डंपर से टक्कर के बाद सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ा और फिर सीधे नहर में समा गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल के पास मौजूद लोग तुरंत मदद करने के लिए दौड़ पड़े।
ड्राइवर के नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
फिलहाल, इस दुर्घटना के कारणों की जांच की बात कही जा रही है। शुरुआती आशंका है कि बस की तेज रफ्तार और ड्राइवर के नियंत्रण खोने की वजह से यह हादसा हुआ। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी हॉस्पिटल में भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।