तिरुवनंतपुरम । केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, स्थानीय पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। त्रिवेंद्रम के एक प्राइवेट होटल की लिफ्ट में कांग्रेस सांसद शशि थरूर अचानक फंस गए। सफर के दौरान लिफ्ट बीच में ही रुक गई और उसका ऑटोमेटिक लॉक सिस्टम जाम हो गया। जैसे ही होटल स्टाफ और सांसद के समर्थकों को इस बात की भनक लगी, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया, जिसके बाद तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
रोटरी क्लब के कार्यक्रम में अचानक हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस सांसद शशि थरूर केरल में ‘रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट’ के स्थापना समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने आए थे। वे इसी सिलसिले में शहर के एक प्रतिष्ठित प्राइवेट होटल में ठहरे हुए थे। देर शाम जब वे लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक यह तकनीकी खराबी आ गई। घटना की जानकारी मिलते ही होटल के सुरक्षाकर्मी और उनके समर्थक मौके पर जमा हो गए और प्रशासन को आपातकालीन संदेश भेजा गया।
जब जाम हो गया ऑटोमेटिक डोर लॉक
अग्निशमन विभाग (फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज) के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें शाम करीब 7:37 बजे एक इमरजेंसी कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि सांसद शशि थरूर और उनके साथ कुछ अन्य लोग होटल की लिफ्ट में फंस गए हैं। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले होटल का स्टाफ और सांसद के समर्थक लोहे की रॉड की मदद से लिफ्ट के दरवाजे को जबरन खोलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वे नाकाम रहे। लिफ्ट दो मंजिलों के बीच में अटकी हुई थी और उसका ऑटोमैटिक डोर पूरी तरह लॉक हो चुका था। मौके पर बुलाए गए लिफ्ट मैकेनिक भी काफी कोशिशों के बाद गेट खोलने में असफल रहे।
बाहर आते ही थरूर ने कहा- ‘वेल डन!’
मामले की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम ने कमान संभाली। रेस्क्यू टीम ने आधुनिक ‘हाइड्रोलिक स्प्रेडर’ टूल का इस्तेमाल किया और महज 15 मिनट के भीतर लिफ्ट के भारी दरवाजों को काटकर रास्ता बना लिया। जैसे ही दरवाजा खुला, शशि थरूर चेहरे पर अपनी जानी-पहचानी मुस्कान बिखेरते हुए सुरक्षित बाहर निकले। उन्हें पूरी तरह ठीक देखकर वहां मौजूद समर्थकों, पुलिस और होटल स्टाफ ने राहत की सांस ली। बाहर आने के बाद कांग्रेस सांसद ने रेस्क्यू टीम का आभार जताते हुए कहा, “आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। वेल डन! आप लोगों ने बहुत शानदार काम किया है।”