कोटा। कोटा रेल मंडल से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई रूट पर चल रही राजधानी एक्सप्रेस गाड़ी में रविवार आज सुबह आग लगी है। यहां तिरुवनंतपुरम–हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12431) में आग लगी। यह हादसा मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में कोटा-नागदा रेलखंड पर लुनी रिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। यात्रियों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जो इस प्रकार हैं।
रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
हेल्पलाइन नंबर | किमी 728/14-16 (लुनी रिच्छा–विक्रमगढ़ आलोट):
घटनास्थल: 09256099269
लुनी रिच्छा स्टेशन: 09251689241
कोटा पूछताछ: 6375898943
कोटा कंट्रोल: 9256099457
रेल मदद: 139
सूचना मिलते ही रेल प्रशासन हरकत में आया
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5:15 बजे ट्रेन मैनेजर ने सूचना दी कि किलोमीटर संख्या 729/02 पर डाउन दिशा में राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में एसएलआर (सामान एवं गार्ड डिब्बे) के निकट आग लग गई है। सूचना मिलते ही रेल प्रशासन हरकत में आया और तत्काल सुरक्षा उपाय शुरू किए गए। रेलवे अधिकारियों ने प्रभावित बी-1 कोच को ट्रेन की रेक से अलग कर दिया तथा एहतियातन ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) सप्लाई बंद कर दी गई। मौके पर रेलवे कर्मचारियों और संबंधित टीमों ने आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया। घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि रेलवे प्रशासन ने स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया।
यात्रियों को कोटा तक सुरक्षित पहुंचाया जाएगा
रेल प्रशासन के अनुसार, प्रभावित कोच के यात्रियों को घटनास्थल पर जलपान उपलब्ध कराया गया और उनकी आगे की यात्रा की व्यवस्था अन्य कोचों में समायोजित कर की गई। यात्रियों को कोटा तक सुरक्षित पहुंचाया जाएगा, जहां अतिरिक्त कोच जोड़ने की तैयारी की गई है। घटना की सूचना मिलते ही कोटा से वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। वहीं, रेल यातायात प्रभावित होने के कारण गाड़ी संख्या 12955 को महिदपुर रोड स्टेशन पर रोका गया है।
आग लगने के कारण अभी स्पष्ट नहीं
रेलवे प्रशासन ने बताया कि रेलखंड को जल्द सुचारु करने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। कोटा मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन के मुताबिक ट्रेन नंबर 12431 त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की सूचना मिली थी। दो कोच प्रभावित हुए हैं। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। किसी प्रकार की कोई कैजुअल्टी नहीं हुई है। आग के कारणों की जांच की जा रही है।