कोलकाता । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में आज फाइनल राउंड की बारी है। दूसरे चरण के चुनाव में सुबह 9 बजे तक 18.39% वोटिंग हुई है। दूसरे चरण में 7 जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर 1448 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं जिनकी किस्मत का फैसला 3 करोड़ 22 लाख से ज्यादा वोटर करेंगे। दूसरे चरण में आज बंगाल की जिन 142 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। इसमें कोलकाता, इंडस्ट्रियल बेल्ट और दक्षिण बंगाल के घनी आबादी वाले इलाके शामिल हैं। इसको लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 2,343 कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स को तैनात किया गया। इसके साथ ही 300 से ज्यादा ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं।
2021 में TMC ने जीती थीं 123 सीटें
बंगाल चुनाव के दूसरे चरण की जिन 142 सीटों पर हो रही है, 2021 के चुनाव में इनमें से बीजेपी ने सिर्फ 18 सीटें जीती थी जबकि टीएमसी ने 123 सीटों पर जीत दर्ज कर सत्ता की हैट्रिक लगाई थी।
भवानीपुर से मैदान में ममता बनर्जी
दूसरे चरण में सीएम ममता बनर्जी खुद भवानीपुर से मैदान में हैं। आज जिन 142 सीटों पर वोटिंग है। ये इलाका ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ है तो वहीं बीजेपी की 5 साल की सियासी प्रयोगशाला भी है। ऐसे में दूसरे फेज में बीजेपी और टीएमसी के बीच आर-पार की लड़ाई है जो इस इलाके में जीतने में कामयाब रहेगा, उसी का बंगाल में राज होगा।
ममता बनर्जी ने वीडियो दिखाकर TMC कार्यकर्ता की पिटाई का लगाया आरोप
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि टीएमसी के कार्यकर्ताओं को मारा जा रहा है। बीती रात भी उनके कार्यकर्ता के साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी गुंडागर्दी से चुनाव जीतना चाहती है।
वोटिंग परसेंटेज हाई रहा तो समझ सकते हैं क्या होने वाला है- मिथुन चक्रवर्ती
अभिनेता और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती ने थोड़ी देर पहले मतदान किया। मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि इस बार पिछले बार की तरह ही वोटिंग परसेंटेज काफी हाई रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि ऐसा अगर हुआ तो समझ सकते हैं क्या होने वाला है।