बहराइच । उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। बौंडी थाना क्षेत्र के मुरौवा गांव में घाघरा नदी के किनारे एक मासूम जिंदगी असमय ही काल के गाल में समा गई। खेत में काम करने के बाद नदी किनारे हाथ-मुंह धोने गए 12 साल के मासूम सुनील सिंह पर घात लगाकर बैठे एक विशालकाय मगरमच्छ ने हमला कर दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना के दौरान नदी किनारे चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद मासूम के चाचा ने अपनी जान की परवाह न करते हुए बच्चे को बचाने के लिए पूरा जोर लगा दिया, लेकिन कुदरत और इस खूंखार जीव के आगे इंसान की बेबसी भारी पड़ गई। मगरमच्छ बच्चे को गहरे पानी में खींच ले गया, जिसके कारण उसे बचाया नहीं जा सका। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
धान की रोपाई करने गया था पूरा परिवार
यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार को हुआ, जब मुरौवा गांव का 12 वर्षीय सुनील सिंह अपने परिवार और चाचा के साथ उम्मीदों के सहारे खेत में धान की रोपाई करने गया था। दोपहर भर धूप में कड़ी मेहनत करने के बाद, शाम के वक्त सुनील हाथ-मुंह धुलने के लिए पास ही बहने वाली घाघरा नदी के किनारे गया। वह इस बात से बिल्कुल अनजान था कि मौत पानी के भीतर ही उसका इंतजार कर रही है। जैसे ही उसने पानी को छुआ, अचानक एक मगरमच्छ ने उसे दबोच लिया। पल भर में ही पूरे परिवार की खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल गईं।
बेबस ग्रामीणों की आखिरी कोशिश
“मैंने तुरंत सुनील का हाथ पकड़ लिया था। करीब सात मिनट तक मैं उसे मगरमच्छ के जबड़े से खींचने की कोशिश करता रहा, लेकिन वह बहुत ताकतवर था।” — सुनील के रोते हुए चाचाचाचा की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण भी लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर नदी की तरफ दौड़े। लोगों ने बच्चे को बचाने के लिए मगरमच्छ पर पथराव भी किया, लेकिन क्रूर मगरमच्छ ने मासूम को नहीं छोड़ा और उसे गहरे पानी में खींच ले गया। जहां एक तरफ लाचार ग्रामीण उसे बचाने के लिए गुहार लगा रहे थे, वहीं कुछ लोग इस भयावह मंजर का वीडियो बनाते रहे, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
5 घंटे का दर्दनाक इंतजार: रात के अंधेरे में मिला मासूम का क्षत-विक्षत शव
हादसे की सूचना मिलते ही बौंडी थाने की पुलिस और वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में बड़ा जाल डाला गया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टॉर्च की रोशनी में करीब 5 घंटे तक चले इस दर्दनाक सर्च ऑपरेशन के बाद, रात लगभग 10 बजे घटनास्थल से 300 मीटर दूर नदी से सुनील का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। मगरमच्छ ने बच्चे के शरीर को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया था। शव को देखते ही परिवार के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है