डेस्क। मलयालम फिल्म जगत से एक ऐसी खबर आई है जिसने सबको हैरान कर दिया है. पर्दे पर अपनी अदाकारी से सबको खुश करने वाले मशहूर एक्टर संतोष के नायर अब हमारे बीच नहीं रहे। यह दर्दनाक हादसा मंगलवार की सुबह करीब 6:30 बजे केरल के अडूर इलाके में हुआ। संतोष नायर अपनी पत्नी राजलक्ष्मी के साथ अपनी इनोवा कार से सफर कर रहे थे. सुबह किसे पता था कि मौत सामने से आ रही है। एमसी रोड पर पुदुस्सेरी के पास उनकी कार अचानक बेकाबू हो गई और सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार पार्सल ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
भीषण टक्कर और मौके पर मची चीख-पुकार
टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया. लोहे के ढेर में तब्दील हुई कार को देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता था कि हादसा कितना खतरनाक था। शोर सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और कड़ी मेहनत के बाद संतोष के नायर और उनकी पत्नी को बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत अडूर के लाइफ लाइन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद संतोष नायर को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
उनकी पत्नी राजलक्ष्मी भी इस हादसे में बुरी तरह घायल हुई हैं और फिलहाल अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं. वहीं, ट्रक ड्राइवर सुधीश को भी चोटें आई हैं।
100 से ज्यादा फिल्मों का शानदार सफर
संतोष के नायर मलयालम सिनेमा का एक जाना-पहचाना चेहरा थे। उन्होंने अपने करियर में 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था। वह सिर्फ बड़े पर्दे तक ही नहीं बल्कि टीवी सीरियल्स में भी उन्होंने काम किया था. उनकी हालिया फिल्म ‘मोहिनीअट्टम’ को दर्शक काफी पसंद कर रहे थे, लेकिन किसे पता था कि यह उनकी आखिरी फिल्म होगी।
इंडस्ट्री में मातम का माहौल
जैसे ही उनके निधन की खबर फैली, पूरी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री सदमे में डूब गई। सोशल मीडिया पर उनके फैंस और साथ काम करने वाले कलाकार यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि संतोष अब नहीं रहे. हर कोई नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है।