मुजफ्फरनगर । उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के सफीपुर पट्टी (चंदेरी रोड) इलाके में एक 23 वर्षीय महिला ने अपने 67 वर्षीय ससुर के निजी अंग पर ब्लेड से हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग ससुर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी पुत्रवधू को हिरासत में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।
अकेलेपन का फायदा उठाकर ससुर करता था उत्पीड़न
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने अपने ससुर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसका ससुर लंबे समय से उसके साथ छेड़छाड़ और गलत हरकतें करता था। महिला के दो छोटे बेटे हैं, जबकि उसका पति हरियाणा में किराये का रिक्शा चलाकर किसी तरह परिवार का खर्च उठाता है। पति के घर से बाहर रहने के कारण महिला अपने बच्चों और ससुर के साथ घर में अकेली रहती थी, जिसका फायदा उठाकर ससुर आए दिन उसके साथ हैवानियत की हदें पार करने की कोशिश करता था। शुक्रवार को भी जब आरोपी ससुर अपनी हरकतों से बाज नहीं आया, तो गुस्से और लाचारी में बहू ने नाखून काटने वाले ब्लेड से उस पर हमला कर दिया।
पड़ोसियों के सामने भी महिला ने बयां किया था अपना दर्द
पीड़ित महिला का कहना है कि उसने अपने साथ हो रहे इस कथित उत्पीड़न की जानकारी कई बार आसपास के लोगों को दी थी, लेकिन किसी ने भी उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। पड़ोस में रहने वाली नाजरा ने भी इस बात की पुष्टि की है कि महिला अक्सर मोहल्ले के लोगों से कहती थी कि उसके साथ घर में गलत व्यवहार हो रहा है। हालांकि, परिवार का लोगों से ज्यादा मेलजोल न होने के कारण घर के भीतर की पूरी सच्चाई किसी को पता नहीं थी। महिला पहले भी कई बार सार्वजनिक रूप से अपनी इस प्रताड़ना का जिक्र कर चुकी थी।
तहरीर मिलने के बाद दर्ज होगा मुकदमा
इस पूरे मामले पर बुढ़ाना के क्षेत्राधिकारी (सीओ) गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पीआरबी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) को घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को अस्पताल भिजवाया और महिला को हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटना के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। तहरीर मिलते ही साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।