डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 62वां लीग मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स की टीम के बीच में खेला गया, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स की टीम 5 विकेट से मुकाबले को अपने नाम करने में कामयाब रही है। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स टीम के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स की टीम 20 ओवर्स में 193 रनों के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही।
राजस्थान रॉयल्स की इस मैच में शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें यशस्वी जायसवाल सिर्फ 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, वहीं इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल के बीच में दूसरे विकेट के लिए 70 रनों की तेज साझेदारी देखने को मिली। सूर्यवंशी इस मैच में 46 रन बनाकर जब आउट हुए तो वहां से जुरेल को कप्तान रियान पराग का साथ मिला और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी की। रियान पराग के बल्ले से इस मैच में 51 रनों की पारी देखने को मिली, लेकिन उनके पवेलियन लौटने के साथ विकेट गिरने का सिलसिला काफी तेजी से देखने को मिला। राजस्थान रॉयल्स ने एक समय 161 के स्कोर पर सिर्फ 2 विकेट गंवाए थे उन्होंने 173 के स्कोर तक 6 विकेट गंवा दिए। ध्रुव जुरेल ने जरूर 53 रनों की पारी खेलने के साथ टीम के स्कोर को 193 रनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से गेंदबाजी में मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा 4 विकेट हासिल किए तो वहीं लुंगी एन्गिडी और माधव तिवारी ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से इस मैच में टारगेट का पीछा करने के लिए ओपनिंग में उतरी केएल राहुल और अभिषेक पोरेल की जोड़ी ने शानदार शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 105 रनों की शतकीय साझेदारी की। अभिषेक पोरेल इस मैच में 51 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे तो वहीं केएल राहुल भी अपनी फिफ्टी पूरी करने के बाद 56 के निजी स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने अंत तक खेलते हुए 34 रनों की नाबाद पारी के साथ टीम को जीत दिलाकर वापस लौटे जिसमें आशुतोष शर्मा ने भी 5 गेंदों में 18 रनों की नाबाद पारी खेलकर अहम योगदान दिया। राजस्थान रॉयल्स के लिए इस मैच में जोफ्रा आर्चर और ब्रजेश शर्मा ने 2-2 विकेट हासिल किए तो वहीं दसुन शनाका एक विकेट लेने में कामयाब रहे।