मुंबई। भारतीय शेयर बाजार आज खुलते ही धड़ाम से गिरा। सोमवार, 9 मार्च को सुबह बाजार में मिडिल ईस्ट की जंग और ग्लोबल मार्केट के तनाव का असर साफ दिखा और देखते ही देखते सेंसेक्स-निफ्टी ताश के पत्तों की तरह ढह गए। पिछले हफ्ते की गिरावट के बाद निवेशकों को उम्मीद थी कि शायद आज कुछ सुधार होगा, लेकिन प्री-ओपन सेशन से ही बिकवाली का ऐसा दौर चला कि निवेशकों के करोड़ों रुपये डूब गए।
बाजार खुलते ही मचा हाहाकार
आज सोमवार, 9 मार्च को शुरुआती कारोबार में बाजार पूरी तरह क्रैश हो गया है। सुबह 9:19 बजे तक सेंसेक्स (Sensex) में करीब 2,327 अंकों (2.95%) की भारी गिरावट देखी गई, जिससे यह 76,591.35 के स्तर पर आ गिरा. वहीं, निफ्टी (Nifty 50) भी 701 अंक (2.87%) टूटकर 23,748.50 के स्तर पर पहुंच गया है।
मिडिल ईस्ट में जारी भीषण जंग और विदेशी निवेशकों की चौतरफा बिकवाली ने बाजार में ‘हाहाकार’ मचा दिया है, जिससे शुरुआती चंद मिनटों में ही निवेशकों के लाखों-करोड़ों रुपये खाक हो गए।
बीते शुक्रवार को आई थी बड़ी गिरावट
Indian Stock Market में बीते सप्ताह भी बड़ी उथल-पुथल मची थी और सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को तो दोनों इंडेक्स बुरी तरह बिखरे हुए नजर आए थे। शुक्रवार को बीएसई का सेंसेक्स (BSE Sensex) दिनभर की गिरावट के बाद बाजार बंद होने पर 1097 अंक की गिरावट लेकर बंद हुआ था, तो वहीं NSE Nifty 315 अंक फिसलकर क्लोज हुआ था।
विदेशों से मिले थे Red Signal
भारतीय शेयर बाजार के लिए पहले से ही विदेशों से रेड सिग्नल मिल रहे थे। दरअसल, मिडिल ईस्ट में जंग तेज होने के बीच एशियाई शेयर बाजार बुरी तरह टूटकर कारोबार कर रहे थे। जापान का निक्केई तो 4000 अंक से ज्यादा फिसलकर ट्रेड करता हुआ नजर आया था। तो वहीं हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 800 अंक से अधिक फिसल गया था। इसके अलावा साउथ कोरिया के कोस्पी इंडेक्स का भी बुरा हाल था और ये करीब 7 फीसदी से ज्यादा की गिरावट लेकर ट्रेड कर रहा था। बात Gift Nifty की करें, तो ये भी सोमवार को खुलते ही क्रैश हो गया था और 500 अंक से ज्यादा की गिरावट में कारोबार कर रहा था।