Home » देश » अमेरिका के ओहायो में हिंदू मंदिर को बनाया निशाना, ईंट-पत्थर से हमला,खिड़कियों के शीशे टूटे; जांच में जुटी एजेंसियां

अमेरिका के ओहायो में हिंदू मंदिर को बनाया निशाना, ईंट-पत्थर से हमला,खिड़कियों के शीशे टूटे; जांच में जुटी एजेंसियां

अमेरिका के ओहायो राज्य में एक हिंदू मंदिर पर ईंटों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर को शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे निशाना बनाया गया।. . .

वॉशिंगटन: अमेरिका के ओहायो राज्य में एक हिंदू मंदिर पर ईंटों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर को शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे निशाना बनाया गया। हमले में मंदिर की इमारत और खिड़कियों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

मंदिर पर फेंकी गईं ईंटें और पत्थर

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना की जानकारी साझा की। संगठन के मुताबिक, हमलावरों ने मंदिर की इमारत पर ईंटें फेंकीं, जिससे संरचना को नुकसान पहुंचा। वहीं, कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (CoHNA) के अनुसार, ईंटें और पत्थर फेंके जाने से मंदिर की कई खिड़कियों के शीशे टूट गए। घटना के समय मंदिर के अंदर पुजारी और श्रद्धालु मौजूद थे। हालांकि, अभी तक किसी के घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

सीसीटीवी फुटेज की पुलिस कर रही समीक्षा

HAF के अनुसार, घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है और कानून प्रवर्तन अधिकारी उसकी समीक्षा कर रहे हैं। संगठन ने बताया कि मामले की जानकारी एफबीआई और नागरिक अधिकार अधिकारियों को भी दी जा रही है। HAF ने कहा कि वह मंदिर प्रबंधन के संपर्क में है और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की पेशकश की है। संगठन ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए तेजी से कार्रवाई करने की अपील की है।

क्या धार्मिक नफरत की वजह से हुआ हमला?

HAF ने घटना को संभावित हेट क्राइम के रूप में देखा है। हालांकि, अभी उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह पुष्टि नहीं हुई है कि हमले के पीछे धार्मिक मकसद ही था।अब तक किसी संदिग्ध की पहचान या गिरफ्तारी की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसलिए घटना के पीछे की वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने के बाद ही हमले के उद्देश्य और जिम्मेदार लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

स्थानीय प्रशासन से कार्रवाई की मांग

CoHNA ने रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस और स्थानीय प्रशासन से घटना की सार्वजनिक रूप से निंदा करने की मांग की है। संगठन ने पुलिस से मामले की तेजी से जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है।

HAF ने भी अमेरिकी निर्वाचित प्रतिनिधियों और सरकारी एजेंसियों से भारतीय तथा हिंदू-अमेरिकी समुदायों के खिलाफ कथित नफरत भरी बयानबाजी की सार्वजनिक रूप से निंदा करने का आग्रह किया है।

हिंदू हेरिटेज मंथ के दौरान हुई घटना

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब ओहायो में हिंदू समुदाय हिंदू हेरिटेज मंथ की शुरुआत की तैयारी कर रहा है। अमेरिका में अक्टूबर के दौरान कई हिंदू संगठन इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करते हैं। इसी अवधि में नवरात्रि के आयोजन भी होने हैं। फिलहाल, स्थानीय पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। हमले के पीछे कौन लोग थे और उनका उद्देश्य क्या था, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम