कोलकाता। पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट पर आज दोबारा वोटिंग हो रही है। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। कुल 285 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।
यहां शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। पिछली बार 29 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। आरोप था कि कुछ बूथ पर EVM में भाजपा के बटन पर टेप चिपका था। कई अन्य बूथों पर EVM में गड़बड़ी की खबरें आईं। इसके बाद चुनाव आयोग ने रिपोलिंग का आदेश दिया। रिजल्ट 24 मई को आएगा।
चुनाव आयोग ने इस बार बूथों पर दोगुनी सुरक्षा कर दी है। पहले जहां हर बूथ पर 4 जवान तैनात होते थे। इस बार आठ जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
फालता में मुख्य मुकाबला TMC और भाजपा के बीच है। हालांकि TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने दो दिन पहले उम्मीदवारी वापस लेने का ऐलान किया। हालांकि EVM में उनका नाम और पार्टी का सिंबल रहेगा।
फाल्टा विधानसभा सीट पर दो चरणों में संपन्न हुए चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। हालांकि मतदान के दिन कई बूथों से चुनावी गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई थीं। आरोप लगाया गया था कि कई ईवीएम मशीनों में भाजपा प्रत्याशियों के नाम और चुनाव चिन्ह वाले बटन सफेद टेप से ढके हुए थे।
दोगुने सुरक्षाबल तैनात
अधिकारी ने बताया कि फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में 285 मतदान केंद्र हैं और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की लगभग 35 कंपनियां तैनात की गई हैं। पुनर्मतदान के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती पूर्व की तुलना में लगभग दोगुनी है। इसके अतिरिक्त, किसी भी गड़बड़ी की स्थिति से तुरंत निपटने के लिए 30 त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्विक रिस्पांस टीम) भी तैनात किए गए हैं।
गड़बड़ी के बाद पुनर्मतदान का हुआ था ऐलान
इन शिकायतों के बाद विशेष चुनाव पर्यवेक्षक सुभ्रत गुप्ता, जो वर्तमान में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सलाहकार भी हैं, ने फाल्टा का दौरा कर मामले की जांच की थी। उनकी रिपोर्ट के आधार पर चुनाव आयोग ने पूरे फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया। पुनर्मतदान 21 मई को होगा, जबकि मतगणना 24 मई को की जाएगी।
आयोग ने निगरानी व्यवस्था भी कड़ी कर दी है। प्रत्येक मतदान केंद्र के भीतर दो वेब कैमरे और बाहर एक कैमरा लगाया गया है। मतदान प्रक्रिया और आसपास के क्षेत्रों की लाइव वेबकास्टिंग हो रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) और मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालयों से निगरानी हो रही है।
चुनाव अधिकारी
जहांगीर खान चुनाव से हट गए हैं पीछे
इस बीच तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान ने मंगलवार को घोषणा की थी कि वह मुख्यमंत्री अधिकारी द्वारा फाल्टा के लिए विकास पैकेज की घोषणा पर भरोसा जताते हुए इस बार चुनावी मुकाबले से हट रहे हैं। हालांकि सीईओ कार्यालय ने स्पष्ट किया कि जहांगीर खान का नाम पुनर्मतदान में भी तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में ईवीएम में बना रहेगा। अधिकारी ने कहा कि 29 अप्रैल को मतदान पहले ही हो चुका है और 21 मई को केवल पुनर्मतदान कराया जा रहा है, इसलिए उम्मीदवारों समेत अन्य किसी भी व्यवस्था में बदलाव नहीं होगा।