कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आज से बारिश की गतिविधियां तेज होने जा रही हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून की अक्ष रेखा फिलहाल दक्षिण बंगाल के ऊपर सक्रिय है, जबकि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव लगातार मजबूत हो रहा है। इसके चलते राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मजबूत हो रहा है निम्न दबाव
अलीपुर मौसम विभाग के मौसम वैज्ञानिक सौरिश बंद्योपाध्याय के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव धीरे-धीरे गहरे निम्न दबाव में बदल रहा है। वर्तमान में यह उत्तर ओडिशा और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों के पास स्थित है और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में यह सिस्टम और अधिक मजबूत होगा, जिससे राज्य में बारिश की तीव्रता बढ़ेगी।
मछुआरों के लिए चेतावनी जारी
निम्न दबाव और मानसूनी अक्ष रेखा के संयुक्त प्रभाव से समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने 16 से 18 जुलाई तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
आज पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। रथ यात्रा के दिन कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश गुरुवार को रथ यात्रा के अवसर पर दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज रहेगा। कुछ जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
मौसम विभाग ने पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 200 मिमी तक बारिश हो सकती है।
येलो अलर्ट वाले जिले
कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि शनिवार से बारिश की तीव्रता में कमी आने के आसार हैं।
कोलकाता में कैसा रहेगा मौसम?
रथ यात्रा के दिन कोलकाता में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिनभर रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। अधिकांश समय हल्की से मध्यम बारिश होगी, लेकिन कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है। शुक्रवार को भी शहर में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
उत्तर बंगाल में भी बारिश का दौर जारी
आज इन जिलों में येलो अलर्ट : दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी जिलों में गुरुवार के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार और शनिवार को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी में भारी बारिश की संभावना है।
रविवार और सोमवार को इन पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 200 मिमी तक बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर में भी भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को भी उत्तर बंगाल के पांच जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
कोलकाता का तापमान और बारिश का रिकॉर्ड
बुधवार को कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 33.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.04 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.01 डिग्री अधिक था। हवा में अधिकतम सापेक्ष आर्द्रता 96 प्रतिशत और न्यूनतम 62 प्रतिशत दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में शहर में 2.08 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई